विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Haryana Weather: हरियाणा में बढ़ा गर्मी का प्रकोप, 35 °C तक पहुंचा दिन का तापमान; कैसा रहेगा आज का मौसम?

Published: Wed, 11 Mar 2026 07:00 AM (IST)

हरियाणा में मार्च के दूसरे सप्ताह से दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दोपहर में गर्म हवाएं चल रही हैं। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, गर्म हवाएं शुरू

दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, गर्म हवाएं शुरू

HighLights

  1. दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, गर्म हवाएं शुरू

  2. शीतल पेय, सूती कपड़ों की मांग बढ़ी, बाजारों में भीड़

  3. संक्रमण से बचाव हेतु साफ-सफाई, सावधानी बरतने की सलाह

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। मार्च महीने के दूसरे सप्ताह के शुरूआती दौर में ही दिन के समय लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। स्थिति यहां तक बनी हुई है कि पिछले दो दिनों से तो दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने लगी है।

दादरी जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं की गति 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही। हवाओं में नमी की मात्रा 32 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। मंगलवार को वायु प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार दिखाई दिया। इस दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स 106 दर्ज किया गया। इसे स्वास्थ्य के लिहाज से ठीक ठाक माना जा सकता है। बदलते मौसम के साथ आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन में बदलाव आ रहा है।

अब घरों व दुकानों में पंखे, कूलर चलने लगे है। बाजारों में शीतल पेयजल पदार्थों के साथ-साथ कुल्फी, आइसक्रीम, फलों के जूस, लस्सी, मैंगो शेक, मिल्क शेक इत्यादि की मांग बढ़ी है। पिछले कुछ दिनों से मौसम खुला रहने का असर नगर के बाजारों, मंडियों में भी पड़ा है। इन दिनों सभी बाजारों में सुबह से शाम तक खासी भीड़ देखी जा रही है। यहां तक की कुछ बाजारों में तो दिन के समय वाहनों व खरीददारों की भीड़ के चलते जाम जैसा नजारा बना रहता है।

पटरी बाजारों में बढ़ी रौनक

मौसम के मिजाज में आ रही तबदीली के साथ ही अब रेडीमेड सूती कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। नगर के तहसील रोड, पुराना बस स्टैंड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, फोरलेन के दोनों और इत्यादि स्थानों पर लगने वाले पटरी बाजारों में इन दिनों हल्के सूती रेडीमेड कपड़ों की मांग बढ़ती जा रही है। बाजारों की अपेक्षा पटरी बाजारों में सभी प्रकार का सामान काफी सस्ते दामों में मिल जाता है।

पहले जहां पटरी बाजारों में कम आय वर्ग के लोग ही खरीददारी करते थे लेकिन अब इनकी और मध्यम वर्ग का भी खासा रूझान दिखाई दे रहा है।

सावधानी रखनी जरूरी: डॉ. गर्ग

नगर के चिकित्सक डॉ. अरविंद गर्ग ने कहा कि तापमान में आ रहे उतार चढ़ाव व हवा में नमी की मात्रा बनी रहने के चलते स्वाभाविक तौर पर इन दिनों संक्रमण व वायरस से जुड़ी बीमारियों को अधिक प्रसार हो रहा है। इनसे बचाव के लिए घरों व आसपास पानी जमा ना होने दें, साफ सफाई का विशेष ध्यान रखे, छोटे बच्चों, बुजुर्गों के स्वास्थ्य के प्रति और भी अधिक सतर्कता बरतना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी गाइड लाइनों की गंभीरता से पालना करें।