हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने पीटीआइ को हटाने के विरोध में किया प्रदर्शन
सैकड़ों अध्यापकों ने शुक्रवार को नेहरू पार्क में एकत्रित होकर 2010 में नियुक्त पीटीआइ शिक्षकों को हटाने के विरोध में काला दिवस मनाकर विरोध प्रकट किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगपत्र भी भेजा।
जागरण संवाददाता, भिवानी: हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ सम्बंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सैकड़ों अध्यापकों ने शुक्रवार को नेहरू पार्क में एकत्रित होकर 2010 में नियुक्त पीटीआइ शिक्षकों को हटाने के विरोध में काला दिवस मनाकर विरोध प्रकट किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगपत्र भी भेजा।
इससे पहले सभी कर्मचारियों ने एकत्रित होकर स्थानीय नेहरू पार्क में बैठक का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान अजीत राठी व शारीरिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान राजपाल तंवर ने संयुक्त रूप से की तथा मंच का संचालन जिला सचिव मा. सुखदर्शन सरोहा ने किया।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य महासचिव मा. जगरोशन ने कहा कि हरियाणा सरकार व शिक्षा विभाग हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, शारीरिक शिक्षक संघ एवं सर्व कर्मचारी संघ के सारे आंदोलनों, अपील, दलील, सत्तापक्ष के मंत्रियों व विधायकों से मुलाकात को दरकिनार करते हुए वर्ष 2010 में नियुक्त 1983 पीटीआई को तीन में कार्य मुक्त करने के आदेश जारी कर दिये हैं जो अत्यंत ही निदनीय हैं। इसके लिए कारण कर्मचारियों में भारी रोष है।
मा. सुखदर्शन सरोहा ने बताया कि पीटीआइ की नई भर्ती प्रक्रिया चलाई गई है। इसको तुरंत रद किया जाए तथा विधानसभा में बिल पास कर सभी पीटीआइ की सेवाओं को बहाल किया जाए। इन सभी पीटीआइ की 10-10 साल की सेवा हो चुकी है तथा सभी कर्मचारी आयु सीमा से बाहर भी हो चुके हैं। कुछेक पीटीआइ की तो मृत्यु भी हो चुकी है। उनके परिवार एक्सग्रेसिया स्कीम से गुजारा कर रहे हैं। ऐसे में इन पीटीआइ को हटाना किसी भी प्रकार से न्याय संगत नहीं है।
प्रदर्शन में राजेश ढाण्डा, प्रवीण कला अध्यापकों के राज्य प्रधान, सरोज, सुशीला, प्रवीण, मुन्नी देवी, नीतू, मा. वजीर सिंह, सूरजभान जटासरा, सहदेव, राजेश लाम्बा, हंसराज, दलबीर सांगवान, राजेश सभ्रवाल, महेंद्र सिंह, अनूप सिवाच, सुरेंद्र दिनोद सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे।