हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 11 साल बाद लेगा आठवीं कक्षा की परीक्षा
वर्ष 2010 में 367247 परीक्षार्थियों ने दी थी परीक्षा। नए सत्र से बोर्ड परीक्षा के लिए अधिकारियों ने शुरू की तैयारियां।
वर्ष 2010 में 3,67,247 परीक्षार्थियों ने दी थी परीक्षा जागरण संवाददाता, भिवानी :
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी शैक्षिक सत्र 2020-2021 से आठवीं की बोर्ड परीक्षा लेगा। इसके लिए बोर्ड ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। बोर्ड यह परीक्षा 11 वर्ष बाद लेगा। इससे पहले आठवीं की बोर्ड की परीक्षा वर्ष 2010 में हुई थी। इसके साथ ही अब आठवीं कक्षा में पास-फेल का नियम लागू हो जाएगा। आठवीं कक्षा का बोर्ड टूटने के बाद आठवीं तक बच्चे को प्रमोट करना जरूरी था। अब बोर्ड की परीक्षा होने पर ऐसा नहीं हो पाएगा। वर्ष 2010 में 3,67,247 परीक्षार्थियों ने दी थी परीक्षा
11 साल पहले वर्ष 2010 में आठवीं की परीक्षा हुई थी तब उस समय 3,67,247 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें 3,44,698 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए थे। नए शैक्षिक सत्र से शुरू होने वाली आठवीं की बोर्ड परीक्षा से संबंधित तैयारियों को लेकर 28 जुलाई को बोर्ड मुख्यालय के सभागार में बैठक का आयोजन कर सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए गए तथा नियम आदि के बारे में मंथन किया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह एवं सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा निश्शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2011 में बदलाव करके पूरे प्रदेश में आठवीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।