हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति ने विजेता महिला फुटबॉल खिलाड़ियों का किया स्वागत
जागरण संवाददाता भिवानी 65वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के अंडर 19 फुटबॉल में विजेता
जागरण संवाददाता, भिवानी : 65वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के अंडर 19 फुटबॉल में विजेता बन कर लौटी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। यह प्रतियोगिता 12 से 16 जनवरी तक स्तनपल्ली गुंगटूर आंध्रप्रदेश में आयोजित हुई। हरियाणा की महिला खिलाड़ियों व जनरल मैनेजर अजमेर सिंह प्रवक्ता, मैनेजर पवन फोगाट का भिवानी पहुंचने पर हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति की तरफ से स्वागत किया गया। समिति प्रधान विनोद पिकू, महासचिव दिलबाग जांगड़ा, उप प्रधान मुकेश कुमारी, व सुशील पीटीआई आदि ने सभी का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।
प्रवक्ता अजमेर सिंह ने बताया कि हरियाणा फुटबॉल अंडर 19 स्कूली लड़कियों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जिला शिक्षा अधिकारी भिवानी अजीत श्योराण की देखरेख में भिवानी लगाया गया था। जिसमें टीम कोच सुमनलता व मैनेजर पवन फोगाट ने खिलाड़ियों को फुटबॉल की बारीकियां सिखाई व प्रतियोगिता जीतने के टिप्स दिये। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में देश भर की दो दर्जन टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन लीग -कम -नॉक आउट प्रणाली के आधार पर करवाया गया। हरियाणा के ग्रुप में मध्य प्रदेश व दादर नगर हवेली की टीम थी। हरियाणा की टीम ने प्री क्वार्टर मुकाबले में तमिलनाडू की टीम को 1-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 2-0 से हराया। सेमीफाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम को 2-0 से हराकर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने के रेलवे की टीम को 2-0 से हराया।
फाइनल मुकाबला रौचक रहा। मैच के 36वें मिनट में हरियाणा की टीम की सेंटर हाफ की पोजीशन पर खेल रही तमन्ना ने मैदानी गोल कर अपनी टीम का स्कोर 1-0 कर दिया। मध्यांतर के बाद हरियाणा की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। जिसमें हरियाणा की टीम के राईट आउट साइड पर खेल रही रवीना ने 48वीं मिनट में एक मैदानी गोल करके अपनी टीम का स्कोर 2-0 कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर ली। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल गेम फेडरेशन आफ इंडिया व स्कूल शिक्षा विभाग आंध्रा प्रदेश द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता का बेस्ट महाप्रबंधक का खिताब हरियाणा के अजमेर सिंह प्रवक्ता को दिया गया। बेस्ट प्लेयर आफ प्रतियोगिता का खिताब भी अन्नयाबाई को दिया गया। टीम की कप्तान तमन्ना, अन्नया, रवीना, रेखा, बबीता, सिमरनजीत, शर्मिला, अन्नू का खेल प्रदर्शन सराहनीय रहा। स्वागत समारोह में हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के प्रधान विनोद पिकू, उप प्रधान मुकेश कुमारी, समिति के प्रधान महासचिव दिलबाग जांगड़ा, सुशील दहिया पीटीआई, रविद्र बाबा, राजेश्वर ढिल्लो, राजेश भुक्कल सहित हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के सदस्य व खेल प्रेमी उपस्थित थे।