गूगल-पे एप का कर्मचारी बताकर ली जानकारी, खाते से उड़ाए 99 हजार
दादरी निवासी एक युवक को अपने एक परिचित से गूगल-पे मोबाइल एप
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी निवासी एक युवक को अपने एक परिचित से गूगल-पे मोबाइल एपलीकेशन पर रुपये मंगवाना महंगा पड़ गया। ठगों ने युवक से गूगल-पे की जानकारी लेकर खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दादरी की गांधी नगर कालोनी निवासी मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे एमसी कालोनी निवासी सनेश से रुपये लेने थे। जिस पर सनेश ने अपने परिचित अजय को उसके खाते में गूगल-पे से रुपये भेजने के लिए कह दिया। मनीष ने बताया कि गूगल-पे से उसके खाते में एक ट्रांजेक्शन से 20 हजार रुपये आ गए लेकिन उसके बाद की गई 40 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन पेंडिग दिखा दी गई। पेमेंट पेंडिग दिखाने पर अजय ने गूगल-पे के कर्मचारियों से बात की। मनीष ने बताया कि कुछ समय बाद उसके फोन पर एक अन्य नंबर से कॉल आई तथा दूसरी तरफ से बोल रहे व्यक्ति ने खुद को गूगल पे का कर्मचारी बताया। मनीष के अनुसार उक्त व्यक्ति ने फोन पर बात करते समय ही उससे गूगल पे पर जाकर उससे कुछ जानकारी मांगी। मनीष ने बताया कि जब उसने उक्त व्यक्ति को जानकारी दी तो उसके खाते से 99 हजार 812 रुपये की राशि कट गई। जब उसने दोबारा से उस नंबर पर फोन किया तो कोई उत्तर नहीं दिया गया। जिसके बाद उसने इस धोखाधड़ी के बारे में बैंक में भी शिकायत दर्ज करवाई तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।