पेयजल संकट को लेकर क्षुब्ध महिलाओं ने की नोरबाजी
जागरण संवाददाता चरखी दादरी दादरी शहर के वार्ड 13 में पिछले काफी समय से पेयजल की समस्
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
दादरी शहर के वार्ड 13 में पिछले काफी समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। पानी सप्लाई समय पर न आने और सप्लाई के पानी में सीवर का पानी मिला होने के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को वार्ड निवासी महिलाओं ने पेयजल समस्या को लेकर नारेबाजी कर रोष जताया।
वार्ड 13 के पुरानी गोशाला मोहल्ला निवासी महिला शकुंतला देवी, कृष्णा, संतरा देवी, केसर, बिमला, ओभा देवी, राज देवी, संतोष इत्यादि ने कहा कि करीब छह माह से उनके मुहल्ले में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। जिसके कारण उन्हें अनेक समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके मुहल्ले में एक दिन छोड़कर जो पानी की सप्लाई की जाती है उसका कोई समय निर्धारित नहीं है। सप्लाई कभी सुबह, कभी दोपहर तो कभी शाम को आती है और जो पानी आता है वह पीने योग्य नहीं है। उनके घरों में आने वाले पानी में सीवर का पानी मिला होता है। जिससे अनेक बीमारियां होने का डर होता है। बीमारियों के डर से वे अपने पैसों से खरीद कर पानी पीने को मजबूर है। इस संबंध में उन्होंने वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सुभाष स्वामी से भी बात की। पार्षद प्रतिनिधि समस्या के समाधान के लिए मुहल्ले के लोगों को साथ लेकर जनस्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर चुके है। लेकिन विभाग उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा जिसके चलते उनकी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। वार्ड निवासी महिलाओं ने रोष प्रकट करते हुए समस्या के स्थाई समाधान की मांग की है।