विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी के चरखी दादरी में प्रापर्टी डीलर पर जानलेवा हमला, चार आरोपी गिरफ्तार; रिमांड पर मुख्य आरोपी

Published: Mon, 17 Aug 2026 01:31 PM (IST)

चरखी दादरी में प्रापर्टी डीलर सुनील कुमार पर जानलेवा हमले और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमले के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार (फोटो: जागरण)

प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमले के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार (फोटो: जागरण)

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। थाना बौंद कलां क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर सुनील कुमार उर्फ रायफल पर जानलेवा हमला कर 50 लाख रुपये की फिरौती तथा प्लाट की मांग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने पूछताछ के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं। वहीं, बौंद कलां निवासी मुख्य आरोपित हर्ष उर्फ हर्षित को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि छह अगस्त 2026 को बौंद कलां निवासी सुनील उर्फ रायफल के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर बौंद कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घायल सुनील को पहले सीएचसी बौंद कलां में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था, जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया। बाद में घायल को रोहतक के आस्कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पीड़ित सुनील द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में उसने बताया कि तीन अगस्त को करीब 10-12 युवक उसके प्रापर्टी डीलिंग कार्यालय में आए थे और उससे 50 लाख रुपये की फिरौती अथवा उसके प्लाट का आधा हिस्सा देने की मांग की थी।

आरोपितों ने प्लाट पर चल रहे निर्माण कार्य को बंद करने के लिए भी धमकाया था तथा पैसे या प्लाट नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। छह अगस्त को आरोपित दोबारा उसके कार्यालय पहुंचे। हर्ष उर्फ हर्षित व मुकुल ने उसकी कनपटी पर हथियार लगाया तथा अन्य आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की।

लोहे की राड से हमला करने के कारण उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। आरोपितों ने उसे दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत पर थाना बौंद कलां में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जिसमें आगामी कार्रवाई करते हुए आरोपित हर्ष उर्फ हर्षित, योगेन्द्र उर्फ घूघू, विवेक उर्फ बाबू तथा अंकित उर्फ डाबला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों से मारपीट में प्रयोग किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं।

शनिवार को चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से योगेन्द्र उर्फ घूघू, विवेक उर्फ बाबू तथा अंकित उर्फ डाबला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि हर्ष उर्फ हर्षित को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।