विकास योजनाओं में परिवारों की होगी सीधी भागीदारी
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : सरकार के निर्देशानुसार दादरी शहर में फैमिली आइडी बन
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
सरकार के निर्देशानुसार दादरी शहर में फैमिली आइडी बनाने का कार्य नगर परिषद कर्मचारियों द्वारा शुरू कर दिया गया है। इस मुहिम के तहत वार्ड वाइज घर-घर जाकर फैमिली आइडी बनाने, डाटा एकत्रित करने का कार्य जोर शोर से चलाया जा रहा है। इसके लिए नियुक्त कर्मचारी घर-घर जाकर आधार कार्ड, जन्म प्रमाण, राशन कार्ड, पारिवारिक सदस्यों का विवरण इत्यादि एकत्रित कर रहे है। अनुमान लगाया जा रहा है जनवरी माह के आखिरी तक दादरी शहर के सभी 21 वार्डो में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि परिवार पहचान पत्र बनने से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ परिवारों को मिल सकेगा। इसके साथ ही सभी परिवारों से जुड़े आंकड़े उपलब्ध होने से विकास योजनाओं को ठीक तरीके से अमलीजामा पहनाया जा सकेगा। परिवारों की फैमिली आइडी बनाने में लगे नगर परिषद के कर्मचारी सूर्य देव तिवाड़ी ने बताया कि जिस दिन कोई व्यक्ति 60 साल की आयु पूरी कर लेता है, उसे वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल सकेगा वहीं दूसरी ओर कोई युवा 18 वर्ष की आयु प्राप्त करता है तो उसे मतदान हेतु पात्र होने के बारे में सूचित किया जा सकेगा। इस बारे में उन्हें मोबाइल में संदेश भी प्राप्त होगा।
बाक्स :
दादरी जिले में 95 हजार परिवार
जानकारी के अनुसार जिला उपायुक्त अजय ¨सह तोमर के निर्देशानुसार जनवरी माह के अंत तक फैमिली आइडी का कार्य पूरा कर लिया जायेगा। पहले किए गए सर्वे को आधार मानकर यह कार्य किया जा रहा है और पहले किए गए कार्य को अपडेट भी किया जा रहा है। 2011 में हुई जनगणना के अनुसार चरखी दादरी जिला में लगभग 95 हजार परिवार रहते हैं। अभी तक जिला के लगभग 8300 परिवारों को डाटा अपलोड कर दिया गया है। फैमिली आइडी बनाने के लिए जिला में विभिन्न सरकारी सेवाएं देने वाले विभागों के कार्यालयों सहित सरल केन्द्रों और राशन डिपू पर भी फार्म उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। भविष्य में लगभग सभी सरकारी योजनाओं को लाभ इसी आइडी के माध्यम से मिलेगा। यह आइडी किसी की पात्रता सिद्ध करने के लिए नहीं होगी।