शारीरिक समस्याओं का कारण आत्मबल की कमी : राजू
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : स्थानीय रोहतक रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्य
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : स्थानीय रोहतक रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में जीवन की समस्याओं का समाधान ईश्वरीय ज्ञान कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी एवं राजयोग शिक्षिका प्रेमलता ने किया।
उन्होंने उपस्थित जनों का मार्गदर्शन किया। ग्राम सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू, व राजेन्द्र के साथ काफी संख्या में नागरिक मौजूद थे। उन्होंने कहा कि सिर के दर्द का इलाज केवल दर्द निवारक गोलियां खाना नहीं है। सिर का दर्द पेट खराब होने के कारण भी हो सकता है। इसी प्रकार जीवन में आने वाले अनेक प्रकार के तनाव और उनसे बढ़ती समस्याओं का निवारण तभी संभव है जब उसके कारण का पता चले।
ब्रह्मकुमार राजू ने कहा कि आत्म बल की कमी होने के कारण मानव के कमजोर संस्कार ही समस्या का रूप बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थति को तो नहीं बदल सकते लेकिन हिम्मत और साहस से हम कुछ अपने अनुकूल बना सकते हैं। राज योग से प्राप्त आध्यात्मिक अष्ट शक्तियों द्वारा मानव अपनी कर्म इन्द्रियों का राजा बन जाता है। इस अवसर पर पलवल से पधारे राजेंद्र ने कहा कि हमें इस संसार में स्वयं को मेहमान समझ कर चलना चाहिए। जिस प्रकार मेहमान कहीं जाता है तो उसका उस स्थान से मोह नहीं रहता। वह वहां की वस्तुओं का प्रयोग तो करता है लेकिन अधिकार नहीं जमाता।
इसी प्रकार संसार में रहते हुए हम अपने आप को ऐसा ही महसूस करें विपरीत परिणाम के कष्टों से मुक्ति मिल सकेगी। इस अवसर पर डा. देवेन्द्र वर्मा, डा. मीना, डा. सुनीता, अधिवक्ता मान जैन भी मौजूद थे। कुमार वंश ने भावमय नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी पूजा, प्रियंका, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार का विशेष सहयोग रहा।