भिवानी की बहू का गोल्डन पंच, दर्शना घणघस ने ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज दर्शना घणघस ने 75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर गांव धनाना और भिवानी का नाम रोशन किया है।

गांव धनाना की बहू दर्शना घणघस ने 75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण।
HighLights
दर्शना घणघस ने 75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता
स्वर्ण पदक जीतने पर गांव धनाना में दर्शना घणघस का भव्य स्वागत हुआ
परिजनों और खेल हस्तियों ने दर्शना की उपलब्धि पर बधाई दी
जागरण संवाददाता, भिवानी। खेल के मैदान में अनुशासन, समर्पण और अथक परिश्रम की बदौलत बेटियां हर रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में गांव धनाना की बहु अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज दर्शना घणघस पत्नी संदीप घणघस ने 75वीं ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद घर लौटने पर दर्शना घणघस का गांव में स्वागत किया गया और वरिष्ठ खेल हस्तियों व स्वजनों ने आशीर्वाद देकर भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पदक विजेता मुक्केबाज दर्शना के दादा ससुर पूर्व चेयरमैन चौधरी दलीप सिंह एवं सुसर साई मुख्य कोच भूपेंद्र सिंह ने दर्शना को जीत की बधाई देते हुए कहा कि बेटियों की मेहनत और लगन आज पूरे समाज के लिए गौरव बन चुकी है।
दर्शना के ससुर भारतीय खेल प्राधिकरण के चीफ कोच रहे भूपेंद्र सिंह ने दर्शना के खेल कौशल की सराहना करते हुए कहा कि एक खिलाड़ी की असली पहचान दबाव की स्थिति में उसके संयम और तकनीक से होती है।
दर्शना अंतरराष्ट्रीय बाक्सर संदीप घणघस की पत्नी हैं। दर्शना घणघस की इस जीत पर खेल प्रेमियों, क्षेत्रवासियों और परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
दर्शना घणघस की उपलब्धि पर निदेशक डॉ. जोगिंद्र सिंह, उप निदेशक दीपक पंत, आईजी राजपाल सिंह घणघस, द्रोणाचार्य अवार्डी कोच जगदीश, चीफ साई कोच भूपिंद्र सिंह, साई प्रभारी बृजभान कोच, पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा, पूर्व विधायक ओमप्रकाश गौरा, पूर्व पार्षद नरेंद्र धौलिया, डॉ. केसी काजल, अधिवक्ता आजाद सिंह, सेवानिवृत्त प्रवक्ता जगदीप पप्पू शर्मा, डॉ. फूल सिंह धनाना, डॉ. महासिंह, संदीप घणघस, विजय पंचगामा, ठेकेदार रघबीर ठेकेदार आदि ने बधाई दी।
