सीसीआइ रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू, खर्च होंगे 3.20 करोड़
दादरी में बंद पडे़ सीसीआइ फाटक पर प्रस्तावित एल-शेप अंडरपास
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी में बंद पडे़ सीसीआइ फाटक पर प्रस्तावित एल-शेप अंडरपास का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है। अंडरपास के लिए रेल लाइनों के नीचे ब्लॉक्स पहले ही शिफ्ट हो चुके हैं। वर्तमान में अंडरपास के दोनों तरफ रास्तों का निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वर्ष 2021 में अंडरपास का निर्माण पूरा हो जाएगा। जिसके बाद गांधीनगर व आसपास की कालोनियों व गांवों के हजारों लोगों को इसका फायदा मिलने लगेगा।
गौरतलब है कि दादरी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म विस्तारीकरण के चलते करीब 8 वर्ष पहले सीसीआइ फाटक को बंद कर दिया गया था। सीसीआइ फाटक बंद होने के बाद से ही गांधी नगर व आसपास की कालोनियों व गांवों के लोगों को दादरी शहर में आने के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जिसके चलते लोगों द्वारा पिछले काफी वर्षों से यहां पर अंडरपास बनाने की मांग की जा रही थी। लोगों की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 18 सितंबर 2016 को दादरी के सीसीआइ फाटक पर अंडरपास बनाने की घोषणा की थी। हरियाणा सरकार द्वारा मंजूरी देने तथा बजट स्वीकृत करने के बाद दिसंबर 2019 में रेलवे द्वारा अंडरपास के लिए रेल लाइनों के नीचे ब्लॉक्स लगवा दिए गए थे। वहीं अंडरपास तक पहुंचने के लिए रास्तों का निर्माण प्रदेश के लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाना हैं।
पुरानी अनाज मंडी बैक साइड में प्राचीन हनुमान मंदिर की तरफ अंडरपास के रास्ते में आने वाले पेड़, बिजली के खंभे व सीवरेज तथा पेयजल लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य जनवरी 2020 में शुरू हो गया था। वर्तमान में प्राचीन हनुमान मंदिर की तरफ रैंप का निर्माण जल्द ही पूरा होने वाला हैं। साथ ही गांधीनगर की तरफ रैंप निर्माण के लिए खोदाई का कार्य चल रहा है। हरियाणा सरकार वहन कर रही पूरा खर्च
दादरी के सीसीआइ फाटक पर बनने वाले अंडरपास पर करीब तीन करोड़ 20 लाख रुपये की लागत आएगी। यह प्रदेश का पहला ऐसा अंडरपास है जिसकी पूरी लागत हरियाणा सरकार द्वारा वहन की जा रही है। वर्ष 2018 में हरियाणा सरकार ने रेलवे द्वारा मांगी गई राशि को जमा करवा दिया गया था। जिसके बाद दिसंबर 2018 में ब्लॉक्स बनवाने का काम शुरू किया गया था। करीब एक साल बाद दिसंबर 2019 में ये ब्लॉक्स रेल लाइनों के नीचे शिफ्ट कर दिए गए थे। हजारों लोग होंगे लाभांवित
उल्लेखनीय है कि सीसीआइ फाटक बंद होने के बाद गांधीनगर, आसपास की कालोनियों व गांवों के लोगों को काफी लंबा चक्कर लगाकर ढाणी फाटक होते हुए दादरी शहर में आना पड़ता है। फाटक बंद होने की स्थिति में वहां कई बार काफी देर तक जाम भी लग जाता है। वहीं स्कूली विद्यार्थी, महिलाएं तथा बुजुर्ग अपनी जान-जोखिम में डालकर रेल लाइनों को पार कर शहर में आते हैं। ऐसे में सीसीआइ फाटक पर अंडरपास बनने के बाद लोगों को शहर में आने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिससे उनका समय भी बचेगा। साथ ही लोगों को अपनी जान भी जोखिम में नहीं डालनी पड़ेगी।