भरी आंखों से बोलीं दुष्यंत चौटाला की मां, हमारे परिवार के खिलाफ रची जा रही साजिश
दुष्यंत चाैटाला की मां नैना चौटाला भी अब पूरी तरह मैदान में उतर आई हैं। उन्होंने कहा कि अजय चौटाला के पूरे परिवार के खिलाफ साजिश रची जा रही है।
जेएनएन, झोझू कलां (चरखी दादरी)। इनेलो से निलंबित सांसद दुष्यंत चौटाला की मां नैना चौटाला पार्टी और कलह को लेकर पूरी तरह मैदान में उतर आई हैं। उन्हाेंने कहा कि दुष्यंत और दिग्विजय के चौटाला के संग-संग मेरे पूरे परिवार के खिलाफ साजिश रची जा रही है। पार्टी के कुछ लोग डॉ. अजय सिंह चौटाला के परिवार को चौधरी देवीलाल के संघर्ष से बनी पार्टी से बाहर फेंकना चाहते हैं।
उन्होंने यहां कहा कि इसके लिए इन लोगों ने पिछले दो वर्षों से साजिश रच रहे थे। अजय सिंह चौटाला ने पार्टी संठगन को मजबूत करने के लिए अपने जीवन के 40 वर्ष झोंक दिए। हरियाणा की जनता उनकी मेहनत और पार्टी के प्रति समर्पण को भुला नहीं सकती।
वह झोंझूकलां के स्टेडियम में आयोजित हरी चुनरी की चौपाल में महिलाओं को संबोधित कर रही थीं। वह
डाॅ. अजय चौटाला की कर्मभूमि बाढड़ा हलके के झोंझू कला में पहुंची नैना चौटाला अपने संबोधन के दौरान कई बार भावुक हो गईं। उन्होंने दुष्यंत चौटाला को दिए नोटिस के संदर्भ में कई सवाल जनता के समक्ष रखे।
उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए सांसद दुष्यंत चौटाला ने लोकसभा में जनता की आवाज उठाई। क्या देश की सबसे बड़ी पंचायत में जनता की आवाज बुलंद करना अनुशासनहीनता है। दुष्यंत और दिग्विजय ने पार्टी को मजबूत करने के लिए लाखों युवाओं को पार्टी से जोडऩे और छात्र संघ के चुनाव बहाल करवाने के लिए दिन रात काम किया।
नैना चौटाला ने कहा कि इनेलो नेताओं के जेल जाने से भी ज्यादा आहत हुई हूं। वर्ष 2013 में जब पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला और डाॅ. अजय सिंह चौटाला के जेल जाने की घटना ने उन्हें हिला कर रख दिया था। इतना कहते हुए नैना चौटाला के आंसू छलक आए। उन्होंने कहा, उस घटना से ज्यादा आहत मैं अब पूरी तरह से अनुशासित और पार्टी के लिए दिन-रात एक करने वाले दुष्यंत और दिग्विजय को पार्टी से निकालने का नोटिस बारे पता चला तो मैं अंदर तक टूट गई।
उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं से समर्थन मांगते हुए कहा कि आप अपना समर्थन दुष्यंत व दिग्विजय चौटाला के साथ बनाए रखें ताकि इनेलो पार्टी और संगठन को और मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि महिलाएं लोकतंत्र में अपनी ताकत को कम न आंकें और अपनी मनचाही इनेलो की सरकार बनाने के लिए दिन-रात संगठित होकर मेहनत करें। नैना चौटाला ने कहा कि चौ. ओमप्रकाश चौटाला संगठन और परिवार के मुखिया हैं, उनका नेतृत्व और दिशा-निर्देश हमें सदा मंजूर है और रहेगा।