चरखी दादरी में SIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला
कांग्रेस ने चरखी दादरी में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत एसआइआर के विरोध में प्रदर्शन किया।
-1792661886772_m.webp)
हरियाणा कांग्रेस सेवादल की अध्यक्ष डॉ. पूनम चौहान की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन।
HighLights
कांग्रेस ने चरखी दादरी में एसआइआर के विरोध में प्रदर्शन किया
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई
'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत पुतला दहन किया
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत वीरवार को दादरी में एसआइआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। रोज गार्डन से परशुराम चौक तक पैदल मार्च निकालकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में चरखी दादरी प्रभारी एवं हरियाणा कांग्रेस सेवादल की अध्यक्ष डॉ. पूनम चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी डॉ. मनीषा सांगवान सहित पूर्व विधायक, फ्रंटल संगठनों के जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष व पार्टी पदाधिकारी भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।
डॉ. पूनम चौहान ने कहा कि वोट की ताकत ही लोकतंत्र की असली ताकत है। प्रत्येक नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और मतदाता सूची में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है। लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस सेवादल मजबूती से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
डॉ. मनीषा सांगवान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और लोकतंत्र में हर वोट का समान महत्व है। उन्होंने कहा कि वोट की रक्षा ही लोकतंत्र की रक्षा है, इसलिए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर सिंह छिल्लर, रणसिंह मान, सोमबीर श्योराण, ब्लाक अध्यक्ष सुरेंद्र सांगवान,अरुण सराफ, पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र चरखी, सुरेश पांडवानिया, सेवादल अध्यक्ष जयभगवान मांढ़ी, मंजू, विजय मंदोला, योगेश इमलोटा व बाला सैनी इत्यादि भी मौजूद रहे।
