हरियाणा के चरखी दादरी की 3 प्रमुख सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, 4 करोड़ 51 लाख रुपये से होगा कायाकल्प
चरखी दादरी में लोक निर्माण विभाग ने तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण और नवनिर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है।

हरियाणा के चरखी दादरी की 3 प्रमुख सड़कें होंगी गड्ढामुक्त (फाइल फोटो)
HighLights
लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की
11.6 किमी लंबी तीन सड़कें बनेंगी 4.51 करोड़ में
12 हजार से अधिक वाहन चालकों को मिलेगी राहत
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को आपस में जोड़ने वाले मुख्य मार्ग जल्द ही गड्ढामुक्त और मजबूत नजर आएंगे। लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र की तीन सड़कों के सुदृढ़ीकरण और नवनिर्माण को लेकर अपनी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत कुल 11.6 किलोमीटर लंबी इन तीन सड़कों के निर्माण पर 4.51 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ते ही विभाग धरातल पर काम शुरू कर देगा। परियोजना के पूरा होने से रोजाना आवागमन करने वाले 12 हजार से अधिक वाहन चालकों सहित कई गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बता दें कि चरखी दादरी जिले के घसोला-भैरवी, चिड़िया- पोता और घसोला-रामनगर के जुड़ाव की डगर ग्रामीणों के आसान नहीं थी। पिछले काफी समय से इन संपर्क मार्गों की खस्ताहाल स्थिति को लेकर लोग परेशान थे।
सड़कों पर गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे थे और वाहनों में तकनीकी खराबी आ रही थी। ग्रामीणों की ओर से लगातार इन सड़कों को दोबारा बनाने की मांग उठाई जा रही थी। जनप्रतिनिधि की ओर से भी इस मामले में सकारात्मक कदम उठाया गया।
फिर जनभावनाओं और यातायात के दबाव को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने इसका एस्टिमेट तैयार कर सरकार को भेजा था, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द से जल्द काम शुरू करने का प्रयास है, ताकि लोगों के लिए इन संपर्क मार्गों से आवागमन सुविधाजनक हो।
इन तीन सड़कों की बदलेगी सूरत
- घसोला-भैरवीरोड: इस मार्ग की कुल लंबाई 5.5 किलोमीटर है। यह इस परियोजना का सबसे लंबा और महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो दो बड़े ग्रामीण अंचलों को आपस में जोड़ता है।
- चिड़िया-पोता सड़क: इस मार्ग का निर्माण 5 किलोमीटर की लंबाई में किया जाएगा। भारी वाहनों और कृषि आधारित आवाजाही के लिए यह सड़क काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
- रामनगर-घसोला रोड: इस लिंक रोड का निर्माण 2.11 किलोमीटर की लंबाई में किया जाना तय हुआ है। इससे आसपास की ढाणियों और मुख्य मार्ग के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
लोगों का सफर बनेगा होगा आसान और सुरक्षित
इन सड़कों के निर्माण से न केवल चरखी दादरी के स्थानीय निवासियों को फायदा होगा, बल्कि दिल्ली, रोहतक, भिवानी और महेंद्रगढ़ की ओर आने-जाने वाले राहगीरों को भी एक वैकल्पिक और सुगम रास्ता मिलेगा। वर्तमान में इन रूटों पर प्रतिदिन 12 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। जर्जर रास्तों की वजह से सफर तय करने में समय के साथ वाहनों में इंधन भी ज्यादा लगता है।
गुणवत्ता पर रहेगी पैनी नजर, जल्द शुरू होगा धरातल पर काम
लोक निर्माण विभाग के एसडीइ संदीप महला ने साफ किया है कि निर्माण कार्य के दौरान सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। टेंडर की शर्तों के अनुसार निर्माण कराया जाएगा। उम्मीद है कि अगले कुछ ही दिनों में धरातल पर काम शुरू हो जाए।
