वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार सैनिक की मौत
गांव चांगरोड के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
गांव चांगरोड के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार सैनिक की मौत हो गई। बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शव पोस्टमार्टम दादरी सिविल अस्पताल में करवाया गया। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव दूधवा निवासी शर्मेंद्र भारतीय सेना में सेवारत था। उसकी ड्यूटी उत्तरप्रदेश के कानपुर में थी। परिजनों ने बताया कि शर्मेंद्र कुछ दिन पूर्व ही 15 दिन के अवकाश पर घर आया था। वह अपने दोस्त आनंद के साथ बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से गांव बधवाना गया हुआ था। देर रात जब वे दोनों वापिस गांव लौट रहे थे तो चांगरोड़ के समीप पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके बाद वे दोनों सड़क पर गिर गए। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को संभाला और परिजनों को सूचित कर अस्पताल में भिजवाया जहां चिकित्सकों ने शर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आनंद को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया। इस संबंध में पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।