विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हांसी लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरे किसान, बाढड़ा में निकाला रोष मार्च; ज्ञापन कार्रवाई की मांग

Published: Mon, 17 Aug 2026 03:17 PM (IST)

भारतीय किसान यूनियन ने बाढड़ा में हांसी लाठीचार्ज के विरोध में रोष मार्च निकाला और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

बाढड़ा में किसानों का प्रदर्शन (फोटो: जागरण)

बाढड़ा में किसानों का प्रदर्शन (फोटो: जागरण)

संवाद सहयोगी, बाढड़ा। भारतीय किसान यूनियन जिला स्तरीय बैठक सोमवार को कस्बे के किसान भवन में जिला अध्यक्ष हरपाल भांडवा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को हांसी में किसानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की गई।

बैठक के बाद किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान भवन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू जिला अध्यक्ष हरपाल भांडवा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को रखने वाले किसानों पर लाठीचार्ज करना निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से करना चाहिए न कि आंदोलन कर रहे किसानों के खिलाफ बल प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने हांसी की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता की ओर से की गई कथित जातिगत टिप्पणी को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जताई। भाकियू नेताओं ने कहा कि किसी भी जाति विशेष के खिलाफ टिप्पणी समाज में आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचा सकती है।

ऐसी टिप्पणियां किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जानी चाहिए। हरपाल भांडवा ने कहा कि सरकार की नीतियों से किसानों और आम जनता में रोष बढ़ रहा है। भाकियू किसानों के हितों और सम्मान की लड़ाई जारी रखेगी।

बैठक के बाद किसानों ने रोष मार्च निकालते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंच कर एसडीएम आशीष सांगवान के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाकियू महासचिव राधेश्याम शर्मा, आनंद वालिया, रामअवतार लाड, धर्मपाल सिंह, कमल सिंह हड़ौदी, गिरधारी मोद, सतबीर सिंह, बलवान सिंह, कमलजीत, सत्यवीर, नीर सिंह, संदीप, रामफल पूनिया और,अतर सिंह इत्यादि मौजूद रहे।