विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के भिवानी में युवती से बात करने पर युवक को पीट-पीटकर मार डाला, 16 लोगों पर केस दर्ज

Published: Thu, 27 Aug 2026 12:37 PM (GMT+05:30)

भिवानी में एक युवती से बातचीत करने की रंजिश में 25 वर्षीय रविंद्र की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई।

भिवानी में युवक को पीट-पीटकर मार डाला (जागरण फाइल)

भिवानी में युवक को पीट-पीटकर मार डाला (जागरण फाइल)

HighLights

  1. भिवानी में युवती से बातचीत पर युवक की हत्या।

  2. 15-16 युवकों ने लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला।

  3. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, भिवानी। युवती से बातचीत को लेकर रंजिश में मंगलवार देर रात सिटी स्टेशन के पास 25 वर्षीय युवक रविंद्र की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। रात करीब तीन बजे 15-16 युवकों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। रविंद्र को बचाने पहुंचे उसके दो साथी अजय व अनिल भी हमलावरों की चपेट में आ गए। ईआरवी टीम ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक मूलरूप से हांसी जिले के गांव बास का रहने वाला था और फिलहाल रेलवे लाइनपार क्षेत्र में रहता था।

जांच में यह बात आई सामने

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविंद्र एक युवती से बातचीत करता था। युवती के भाइयों को इसकी जानकारी थी और उन्होंने पहले भी उसे बातचीत बंद करने के लिए कहा था। इसके बावजूद संपर्क बना रहने को लेकर रंजिश चल रही थी। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते रविंद्र पर हमला किया गया।

साथियों पर भी किया हमला

घायल अजय और अनिल ने पुलिस को बताया कि वे रविंद्र को बचाने के लिए पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तीनों के घायल होने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

डीएसपी ने ली जानकारी

डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के स्वजन से भी बातचीत की।

15-16 आरोपितों पर केस

सदर थाना एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि मृतक के स्वजन के बयान पर 15-16 नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने बताया कि तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।