विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: भिवानी में सरपंच और बेटे पर जानलेवा हमला, सिर में चोट और रुपये छीने; पुलिस से कार्रवाई की मांग

Published: Thu, 17 Sep 2026 03:39 PM (IST)

भिवानी के गांव बड़सी के सरपंच सतीश और उनके बेटे अमन पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया।

हरियाणा: भिवानी में सरपंच और बेटे पर जानलेवा हमला (फाइल)

हरियाणा: भिवानी में सरपंच और बेटे पर जानलेवा हमला (फाइल)

HighLights

  1. भिवानी के बड़सी गांव में सरपंच सतीश पर हमला

  2. हमले में सरपंच के सिर में चोट, बेटे का दांत टूटा

  3. आरोपियों ने 1500 रुपये छीने, पुलिस में शिकायत दर्ज

जागरण संवाददाता, भिवानी। बावनीखेड़ा के अंतर्गत गांव बड़सी के सरपंच सतीश ने आरोप लगाया कि बुधवार रात करीब नौ बजे बवानीखेड़ा थाना से घर लौटते समय कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की।

सरपंच के अनुसार वह गांव के तीन लोगों के साथ गाड़ी से घर जा रहे थे। रास्ते में एक व्यक्ति को फिरनी की तरफ उतार दिया। इसके बाद शराब ठेके के पास कुछ युवक खड़े दिखाई दिए। वहां एक व्यक्ति के साथ मारपीट हो रही थी। वह व्यक्ति भागकर उनकी गाड़ी के पास आया।

सरपंच सतीश ने बताया कि उन्होंने गाड़ी रोककर नीचे उतरकर युवकों से मारपीट का कारण पूछा और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि उनके सिर पर चोट मारी गई, जिससे वह घायल हो गए। बाद में उन्हें उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

बेटे के बीच-बचाव करने पर भी मारपीट का आरोप

सरपंच ने बताया कि घटना के दौरान आरोपितों ने करीब 1500 रुपये छीन लिए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब पांच-छह महीने पहले भी आरोपित उन्हें धमकी देकर गए थे। इस घटना में उनका बेटा अमन भी मौके पर पहुंचा और पिता का बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि आरोपितों ने अमन के साथ भी मारपीट की, जिससे उसका एक दांत टूट गया।

कार्रवाई की मांग

सरपंच ने मामले की शिकायत पुलिस को देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि घटना में उन्हें और उनके बेटे को चोटें आई हैं। सरपंच ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।