विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी मंडी में अतिक्रमण व मार्केट फीस चोरी का आरोप, ऑक्शन प्लेटफार्म और रास्तों पर कब्जे को लेकर उपायुक्त से शिकायत

Published: Wed, 16 Sep 2026 03:13 PM (IST)

भिवानी की नई सब्जी मंडी में आक्शन प्लेटफार्मों पर अवैध कब्जे, सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण और मार्केट फीस चोरी की शिकायतें सामने आई हैं।

भिवानी मंडी में अतिक्रमण व मार्केट फीस चोरी का आरोप (फाइल फोटो)

भिवानी मंडी में अतिक्रमण व मार्केट फीस चोरी का आरोप (फाइल फोटो)

HighLights

  1. आक्शन प्लेटफार्मों पर अवैध कब्जे कर किराए पर देने का आरोप।

  2. सार्वजनिक रास्तों और सड़कों पर अतिक्रमण से लग रहा जाम।

  3. मार्केट फीस चोरी और अवैध निर्माण की जांच की मांग।

जागरण संवाददाता, भिवानी। रोहतक गेट स्थित नई सब्जी मंडी में आक्शन प्लेटफार्म और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है।

कायला गांव निवासी सूबे सिंह ने उपायुक्त को शिकायत देकर मंडी परिसर में अवैध निर्माण, कब्जे और मार्केट फीस की कथित चोरी की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने मंडी प्रशासन और कुछ व्यापारियों की मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं।

सूबे सिंह के अनुसार दुकानों के सामने किसानों की फसल की नीलामी और माल की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए करीब 200 वर्ग गज के ऑक्शन प्लेटफार्म बनाए गए हैं।

सेल डीड की शर्तों के अनुसार इन स्थानों को खुला रखा जाना चाहिए, लेकिन आरोप है कि व्यापारियों ने इन पर टीन शेड और लोहे के जाल लगाकर कब्जा कर लिया है। शिकायत में इन जगहों को मासाखोरों, चाय विक्रेताओं और रेहड़ी वालों को किराए पर देकर अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि मंडी में आवाजाही के लिए बनाए गए 10 फुट चौड़े बरामदों को दुकानों में मिला लिया गया है। वहीं 40 फुट चौड़ी सड़क पर रेहड़ियां लगने से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।

दुकान नंबर 11 के बाहर करीब दो फुट तक सड़क पर कब्जे का आरोप लगाया गया है। दुकान नंबर एक से 10 तक नियमों के विपरीत शोरूम और परचून की दुकानें संचालित होने की शिकायत भी दी गई है। इसके अलावा विकास नगर की तरफ जाने वाले 80 फुटा रोड पर जूस, होटल और परचून की दुकानों के बाहर अतिक्रमण और वाहनों के खड़े रहने से यातायात बाधित होने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में मंडी के बाहर अनधिकृत लोडिंग-अनलोडिंग से मार्केट फीस की कथित चोरी का भी मुद्दा उठाया गया है। सूबे सिंह ने अवैध निर्माण हटाने, रास्ते अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।