जनवरी से खेतों तक नहीं पहुंच रहा लोहारू कैनाल का पानी, भिवानी के किसानों ने दी बड़ी पंचायत की चेतावनी
जनवरी से लोहारू कैनाल में पानी की कमी के कारण किसानों को सिंचाई की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
-1791889870115_m.webp)
जनवरी से खेतों तक नहीं पहुंच रहा लोहारू कैनाल का पानी (फाइल फोटो)
HighLights
जनवरी से लोहारू कैनाल में पानी की कमी।
किसानों ने सिंचाई विभाग से स्थायी समाधान मांगा।
समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, लोहारू। लोहारू कैनाल में पानी की कमी के चलते किसानों को लंबे समय से सिंचाई की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
जनवरी माह से खेतों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने और बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने से किसानों में रोष है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में कुशलपुरा सहित विभिन्न गांवों के किसानों ने सिंचाई विभाग कार्यालय पहुंचकर एसडीओ और जेई के समक्ष समस्या उठाई। करीब एक घंटे तक चली पंचायत में किसानों ने पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान मेवा सिंह आर्य और ब्लाक प्रधान रविंद्र कस्वा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई पंचायत में किसानों ने कहा कि लोहारू कैनाल में पानी की कमी के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
किसान लंबे समय से इस समस्या को लेकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है। किसानों ने नहर में पीछे से होने वाली पानी की चोरी सहित अन्य बाधाओं को दूर कर खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग उठाई।
टेल तक पानी पहुंचाने का दिया भरोसा
पंचायत के दौरान सिंचाई विभाग के एसडीओ जोगेंद्र सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि नहर में पीछे से पानी की चोरी सहित पानी की आपूर्ति में आ रही सभी बाधाओं को दूर करने के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के साथ इस बार नहर की टेल तक पानी पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा किसानों को ढाई दिन अतिरिक्त पानी देने का भी आश्वासन दिया गया।
समाधान नहीं हुआ तो होगी बड़ी पंचायत
भाकियू पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों को आश्वासन के अनुरूप जल्द राहत नहीं मिली तो सिंचाई विभाग कार्यालय लोहारू में बड़ी पंचायत बुलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाना विभाग की जिम्मेदारी है। लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान नहीं होने पर शासन और प्रशासन जिम्मेदार होगा। पंचायत में भाकियू के ब्लाक उपाध्यक्ष सुमेर सिंह गोठड़ा, जिला उपाध्यक्ष इंद्राज, रामसिंह शेखावत, नरेंद्र फरटिया, धर्मपाल, प्रदेश सचिव आजाद भूंगला, शेर सिंह झांझड़ा, प्रेम दूडी, आनंद और रामप्रसाद पुनिया आदि विभिन्न गांवों के किसान मौजूद रहे।
