विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी में खेती करते समय काल बना बिजली का करंट, 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:34 PM (IST)

लोहारू के गोविंदपुरा गांव में खेत में काम करते समय बिजली के करंट से किसान धर्मबीर की मौत हो गई। ...और पढ़ें

गोविंदपुरा में खेत में काम करते किसान को लगा करंट।

गोविंदपुरा में खेत में काम करते किसान को लगा करंट।

HighLights

  1. खेत में काम करते किसान धर्मबीर की मौत।

  2. फव्वारा पाइप बिजली के तार से छूने से हादसा।

  3. चार अविवाहित बच्चों के सामने आजीविका संकट।

संवाद सहयोगी, लोहारू। खेतों में फसलों की देखभाल कर परिवार का पेट पालने वाले किसान धर्मबीर के लिए शनिवार का दिन जिंदगी का आखिरी दिन साबित हुआ। खेत में कृषि कार्य करते समय फव्वारा पाइप बिजली की तारों के संपर्क में आ गया। इसकी चपेट में आने से करीब 42 वर्षीय धर्मबीर की मौत हो गई।

गोविंदपुरा गांव में हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मृतक अपने पीछे एक बेटे और तीन बेटियों को छोड़ गया है। चारों बच्चे अविवाहित हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया, वहीं परिवार के सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरा निवासी धर्मबीर पुत्र खूबीराम शनिवार को अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान खेत में इस्तेमाल किया जा रहा फव्वारा पाइप वहां से गुजर रही बिजली की तारों के संपर्क में आ गया। करंट लगने से धर्मबीर नीचे गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन उसे तुरंत लोहारू के उप नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

खेतीबाड़ी से चलता था परिवार का गुजारा

धर्मबीर चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी गृहिणी है और चारों बच्चे अभी अविवाहित हैं। परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहे धर्मबीर की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस पिता के सहारे बच्चे अपने भविष्य के सपने संजो रहे थे, उसके यूं चले जाने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के बड़े भाई कृष्ण के बयान के आधार पर बाढड़ा पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक चंद्रभान ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव में शोक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

किसान धर्मबीर की असामयिक मौत से गोविंदपुरा गांव में शोक का माहौल है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत ने परिजनों को गहरे संकट में डाल दिया है। चार अविवाहित बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार की चिंताएं बढ़ गई हैं। गांव के लोगों ने हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।