विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के भिवानी में भीषण सड़क हादसा, तिगड़ाना मोड़ पर कार और कैंटर की भिड़ंत में दादा-पोते की मौत, दो घायल

Published: Tue, 20 Oct 2026 02:17 PM (IST)

भिवानी-जींद मार्ग पर तिगड़ाना मोड़ के पास कार और कैंटर की टक्कर में मिताथल गांव के दादा-पोते की मौत हो ...और पढ़ें

भिवानी से गांव लौटते समय हुआ हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

भिवानी से गांव लौटते समय हुआ हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. भिवानी-जींद मार्ग पर कार-कैंटर की भीषण टक्कर।

  2. मिताथल गांव के दादा-पोते की मौके पर मौत।

  3. रोहतक के दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए।

जागरण संवाददाता, भिवानी। भिवानी-जींद मार्ग पर तिगड़ाना मोड़ के नजदीक सोमवार रात कार और कैंटर की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार गांव मिताथल निवासी रिश्ते में दादा-पोते लगने वाले दो लोगों की मौत हो गई, जबकि रोहतक निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान गांव मिताथल निवासी सत्यनारायण (68) और कीर्ति नगर निवासी सनूप (28) के रूप में हुई है। घायलों की पहचान रोहतक के प्रीत विहार निवासी दीपांशु और रामगोपाल कालोनी निवासी आशीष के रूप में हुई है।

गांव मिताथल के सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार ने बताया कि कार सवार लोग सोमवार रात भिवानी से गांव लौट रहे थे। तिगड़ाना मोड़ के पास कार की सामने से आ रहे कैंटर से टक्कर हो गई।

हादसे में सनूप और सत्यनारायण की मौत हो गई, जबकि दीपांशु और आशीष घायल हो गए। सनूप की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी और उसका डेढ़ साल का बेटा है। उसके पिता राजपाल हरियाणा पुलिस में एएसआइ के पद पर तैनात हैं। सनूप का एक छोटा भाई भी है। हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। सत्यनारायण खेतीबाड़ी करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं।

हादसे में दो लोगों की मौत और दो के घायल होने की सूचना मिली थी। मृतकों के स्वजनों के बयान दर्ज कर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मंगलवार को जिला नागरिक अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। -एएसआइ मंजीत सिंह, जांच अधिकारी,सदर पुलिस थाना।