विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी में छात्र ने ब्रेकर पर बस रोकने को कहा तो ड्राइवर ने बढ़ा दी स्पीड, बेकाबू होकर पलटी; दो की मौत और आठ घायल

Published: Sat, 17 Oct 2026 12:34 PM (IST)

भिवानी में एक निजी बस के पलटने से दो युवकों मोहित और विकास की मौत हो गई, जबकि आठ यात्री घायल हो गए।

हादसे के बाद पलटी बस (जागरण फोटो)

हादसे के बाद पलटी बस (जागरण फोटो)

HighLights

  1. भिवानी में निजी बस पलटने से दो युवकों की मौत।

  2. तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही से हुआ हादसा।

  3. आठ यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर, चालक फरार।

जागरण संवाददाता, भिवानी। निजी बसों के ड्राइवरों की मनमानी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। शुक्रवार सायं इसके चलते दो परिवारों के चिराग बुझ गए। पावर हाउस के पास ब्रेकर पर तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर बीच सड़क पलट गई।

हादसे में प्रेम नगर निवासी मोहित (21) और जाटू लुहारी निवासी विकास (25) की मौत हो गई, आठ यात्री घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। बस कंडक्टर को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआइ रोहतक रेफर किया गया है।

हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निजी बस चालक अक्सर विद्यार्थियों को बैठाने व उतारने से बचने के लिए बस तेज दौड़ाते हैं। इस संबंध में बुधवार को भी एसडीएम को शिकायत दी गई थी।

हादसा शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे हुआ। निजी बस भिवानी से हांसी की ओर जा रही थी। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। पावर हाउस के पास बने ब्रेकर पर चालक ने बस धीमी करने के बजाय तेज कर दी।

इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। प्रेम नगर निवासी मोहित दरवाजे के पास खड़ा था। उसे वहीं उतरना था। वह बस के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, गभींर चोट लगने से विकास की मौत हो गई।

चालक की लापरवाही से हुआ हादसा, ब्रेकर पर बस का संतुलन बिगड़ा प्रत्यक्षदर्शी

शी हादसे में घायल जाटू लुहारी निवासी सोमेश ने बताया कि वह अपने जीजा की बाइक देने भिवानी आया था और बस से वापस लौट रहा था। मोहित को प्रेम नगर पावर हाउस के पास उतरना था। उसने चालक से बस धीमी करने को कहा, लेकिन चालक उसे विश्वविद्यालय के पास उतारने की बात कह रहा था। मोहित को उम्मीद थी कि ब्रेकर पर बस धीमी होगी तो वह उतर जाएगा।

आरोप है कि चालक ने बस धीमी करने के बजाय अचानक तेज कर दी। ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ने से बस पलट गई और मोहित उसके नीचे दब गया। प्रेम नगर के सरपंच राजेश बूरा ने बताया कि मोहित पीएमटी की कोचिंग लेकर लौट रहा था।

वह दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता सतीश कुमार खेतीबाड़ी करते हैं। विकास भी दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता खेती करते हैं और उसकी एक बड़ी बहन है। विकास भट्ठे पर काम करता था।

विद्यार्थियों को चढ़ाने से बचने के लिए दौड़ाते हैं बस

निजी बस चालक द्वारा बस तेज दौड़ाने का यह पहला मामला नहीं है। अक्सर कालेज विद्यार्थियों और नजदीकी गांवों के युवाओं, लोगों से बचने के लिए निजी बस चालक तेज दौड़ाते है। निजी बस चालक रूट पर सिर्फ अंतिम ठहराव या दूर के ठहराव के यात्रियों को ही बैठाना पसंद करते है। 10-15 किलोमीटर के गांवों के यात्रियों, विद्यार्थियों को साफ इंकार भी करते है और जबरन बैठने पर गांव आने पर बस रोकते नहीं। ये ही हाल गांव प्रेम नगर का भी है।