विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के 10 गांवों का सफर होगा और छोटा, सीधा हाईवे से जुड़ेंगे; चेक करें लिस्ट

Published: Sat, 17 Oct 2026 03:57 PM (IST)

बवानीखेड़ा क्षेत्र के 10 गांवों को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाले नए मार्ग को मंजूरी मिल गई है, जिससे ग्रामीणों का 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर बचेगा।

हरियाणा के 10 गांवों का सफर होगा और छोटा, सीधा हाईवे से जुड़ेंगे (फाइल फोटो)

हरियाणा के 10 गांवों का सफर होगा और छोटा, सीधा हाईवे से जुड़ेंगे (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 10 गांवों को नेशनल हाईवे से सीधा जुड़ाव

  2. 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर अब बचेगा

  3. किसानों, छात्रों, व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ

राजेश कादियान, बवानीखेड़ा। क्षेत्र के 10 गांवों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब ग्रामीणों को नेशनल हाईवे तक पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय नहीं करना पड़ेगा। बवानीखेड़ा बाइपास से कुंगड़ और पुर होते हुए भिवानी-हांसी हाईवे को एनएच-148 से जोड़ने के मार्ग को मंजूरी मिल गई है। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।

इस मार्ग को बनवाने के लिए ग्रामीण पिछले करीब तीन साल से मांग उठा रहे थे। अब मंजूरी मिलने के बाद लोगों को निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के प्रयासों से इस मांग के सिरे चढ़ने की बात सामने आई है।

10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर बचेगा

फिलहाल गांव पुर, कुंगड़, तालू, सोरखी, मुंढाल रोड, धनाना, जताई, सिवाड़ा और मंढाणा सहित आसपास के गांवों के लोगों को हाईवे तक पहुंचने के लिए तिगड़ाना मोड़ की तरफ से जाना पड़ता है। इससे उन्हें करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। नया मार्ग बनने से यह परेशानी कम होगी। ग्रामीणों को भिवानी, हांसी और आसपास के क्षेत्रों की ओर आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी।

खेती-किसानी से कारोबार तक मिलेगा फायदा

ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग का लाभ केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने और नौकरीपेशा लोगों को अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अब ग्रामीणों की नजर निर्माण कार्य शुरू होने और परियोजना को समय पर पूरा करने पर है।

यूं बोले ग्रामीण, हाई वे सीधा जुड़ाव देगा फायदा 

हाईवे तक जाने के लिए अभी हमें लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। नया रास्ता बनने से समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। तीन साल से हम इस मांग को उठा रहे थे। -सुनील सरपंच, भैणी जाटानयह मार्ग हमारे गांवों के लिए बहुत जरूरी है। बच्चों को स्कूल-कालेज जाने और लोगों को शहर पहुंचने में सुविधा मिलेगी। मंजूरी के बाद अब जल्द निर्माण शुरू होना चाहिए। -रोहित सरपंच, कूंगड़

इस सड़क से कई गांवों के लोगों को फायदा होगा। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। प्रशासन को जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर काम शुरू करवाना चाहिए। -प्रदीप मुंढाल।

एनएच 148 भिवानी हांसी हाई वे से 10 गांवों का सीधा जुड़ाव होने से ग्रामीणों को सीधा फायदा होगा। इसके लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। -नवीन कौशिक, निजी सचिव, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, मनोहरलाल

क्षेत्र के ग्रामीणों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी। बवानीखेड़ा बाइपास से कुंगड़ और पुर होते हुए हाईवे से संपर्क स्थापित होने पर आसपास के गांवों को बड़ी राहत मिलेगी। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करवाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। -कपूर सिंह वाल्मीकि, विधायक