कृषि विभाग में ADO-SDO के पद खाली, किराये के एक कमरे से चल रहे 50 गांव; 'राम भरोसे' हरियाणा के किसान
कृषि विभाग के बाढड़ा उपमंडल कार्यालय में स्थायी भवन, एसडीओ और आठ एडीओ के पद खाली होने से किसानों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है।
-1793008708582_m.webp)
कृषि विभाग में एडीओ-एसडीओ के पद खाली, राम भरोसे किसान और खेती।
HighLights
बाढड़ा कृषि विभाग में एसडीओ, आठ एडीओ पद रिक्त
स्थायी भवन न होने से किराये के कमरे में कार्यालय
किसानों को सरकारी योजनाओं, सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा
पवन शर्मा, बाढड़ा। कृषि बाहुल्य बाढड़ा उपमंडल क्षेत्र में कृषि विभाग का स्थायी भवन ना होने व एसडीओ की तैनाती ना होने से किसानों को मामूली सुविधाओं के लिए भी तरसना पड़ रहा है। विभाग के आठ कृषि विकास अधिकारियों के सभी पद रिक्त होने से विभाग की सुविधाएं प्रभावित हैं।
क्षेत्र के किसान संगठनों द्वारा बार-बार सरकार को ज्ञापन भेजकर एडीओ के रिक्त आठ पदों पर नए अधिकारी भेजने, क्षेत्र में उपमंडल कार्यालय का निर्माण करवा कर एसडीओ की नियुक्ति करने की मांग की गई है। लेकिन अभी तक इस पर संज्ञान नहीं लिया गया है। जिसका खामियाजा क्षेत्र के किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
बाढड़ा उपमंडल क्षेत्र में आमजन की आजीविका कृषि क्षेत्र पर निर्भर है। सरकार कृषि क्षेत्र के उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। लेकिन बाढड़ा क्षेत्र के किसानों तक उनकी जानकारी ही नहीं हो पाती क्योंकि कस्बे में कृषि विभाग के बड़े कार्यालय का संचालन ही नहीं हो पाया है।
भाकियू अध्यक्ष हरपाल भांडवा, महासचिव राधेश्याम शर्मा, रामअवतार लाड, किसान सभा अध्यक्ष मा. रघबीर श्योराण, सरपंच गिरधारी मोद ने बताया कि कृषि विभाग के कार्यालय में मात्र एक खंड कृषि अधिकारी ही सेवारत है वहीं सभी आठ एडीओ के पद रिक्त हैं। बाढड़ा को सात साल पहले उपमंडल का दर्जा मिला था जिसके बाद से सभी विभागों के उपमंडल अधिकारियों ने बाढड़ा कस्बे में कार्यालय संचालित कर दिए। लेकिन कृषि विभाग अभी भी किराये के भवन में चल रहा है।
वहीं, उपमंडल में मृदा जांच के लिए संचालित जांच लैब में भी मात्र दो कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों के जिम्मे है। यह भी अधिकतर समय बंद ही रहती है। क्षेत्र के किसान संगठनों ने एसडीओ का पद सृजित कर एडीओ के आठ पदों पर नियुक्ति की मांग की है। इस बारे में विधायक उमेद पातुवास ने बताया कि प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी व कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को दादरी जिले की समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा गया है। जल्द ही समाधान की उम्मीद है।
किराये के एक कमरे में चल रहे कार्यालय पर 50 गांवों का भार
बाढड़ा उपमंडल मुख्यालय पर किराये के मात्र एक कमरे में चल रहे खंड कृषि अधिकारी कार्यालय पर ही 50 गांवों की कृषि व्यवस्था का जिम्मा है। विभाग के एकमात्र अधिकारी बीएओ के अधिकतर समय जिला मुख्यालय की बैठक में व्यस्त होने के कारण वे आम किसानों को नहीं मिल पाते। पांच पांच गांवों के कलस्टर पर किसानों को सजग, जागृत करने वाले सभी कृषि विकास अधिकारियों के पद रिक्त हैं।
क्षेत्र के किसान पीएम सम्मान निधि, कृषि उपकरण सब्सिडी, भूमि पंजीकरण समेत कृषि विभाग की बड़ी व छोटी बड़ी सुविधाओं के जिला कार्यालय में जाने के लिए मजबूर हैं। इस बारे में कृषि विषय विशेषज्ञ डॉ. चंद्रभान श्योराण ने कहा कि छोटा जिला होने के कारण बाढड़ा मुख्यालय में अभी बीएओ कार्यालय संचालित है और राज्य मुख्यालय से कार्यालय अपग्रेड का आदेश मिला तो वहां पर अधिकारियों की नियुक्ति भी की जाएगी।
