ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी जिला निवासी एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी जिला निवासी एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर ससुराल पक्ष के लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दादरी जिला निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी शादी बादली निवासी एक युवक के साथ हुई थी। पीड़िता ने बताया कि शादी में उसके परिजनों ने अपनी हैसियत से अधिक दान-दहेज दिया था। लेकिन शादी के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उससे और अधिक दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न करने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी तथा ताने दिए जाने लगे।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब छह माह से अपने पीहर में ही रह रही थी। इस दौरान उसका पति व ननदोई गलती मानकर वापिस अपने साथ ले गए। पीड़िता ने बताया कि उसका पति अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से उसे जान से मारने की धमकी भी देने लगा। पीड़ित महिला ने बताया कि उसने दहेज की मांग को पूरा करने के लिए अपनी मां के एटीएम से नकदी निकलवा कर भी अपने पति को दी। उसके बाद उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर एटीएम छीन लिया तथा अपने आप नकदी भी निकलवा ली। पीड़िता ने बताया कि कुछ माह पूर्व ही उसके ससुराल पक्ष के लोग उसके माता-पिता की जमीन को भी उसके नाम करवाने का दबाव बनाने लगे। जो पूरी न करने पर फिर से उसके साथ मार-पिटाई करने लगे।
पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पति शराब का सेवन करता है तथा सट्टा भी खेलता है। दादरी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति महेश, सास नसीब कौर, ननद पूनम, ननद पूजा, ननंद सुमन पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।