विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: भिवानी में 4.54 करोड़ से बनेंगी चार सड़कें, दस हजार राहगीरों को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Wed, 16 Sep 2026 03:48 PM (IST)

लोक निर्माण विभाग ने चरखी दादरी में चार प्रमुख सड़कों के कायाकल्प के लिए 4.54 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।

चरखी दादरी में 4.54 करोड़ से चार प्रमुख सड़कों का होगा निर्माण।

चरखी दादरी में 4.54 करोड़ से चार प्रमुख सड़कों का होगा निर्माण।

HighLights

  1. 4.54 करोड़ रुपये से चरखी दादरी की चार सड़कें बनेंगी।

  2. 10,000 से अधिक राहगीरों को आवागमन में मिलेगी राहत।

  3. बौंदकलां-मालपोष और घिकाड़ा रोड का होगा पुनर्निर्माण।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिलावासियों के लिए राहत भरी और विकास को रफ्तार देने वाली खबर है। लंबे समय से जर्जर और खस्ताहाल सड़कों की मार झेल रहे चरखी दादरी के नागरिकों और वाहन चालकों के लिए लोक निर्माण विभाग ने एक बड़ी सौगात तैयार की है।

विभाग द्वारा जिले की चार प्रमुख सड़कों के कायाकल्प के लिए 4.54 करोड़ का बजट मंजूर करते हुए औपचारिक रूप से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने से करीब 10,000 से अधिक राहगीरों व स्थानीय निवासियों को रोजाना के आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इस विकास योजना के अंतर्गत कुल 5.5 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण व पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसमें शहर की व्यस्ततम अंदरूनी सड़कों से लेकर ग्रामीण अंचल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग और बाईपास शामिल हैं, जो जिले की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त कर देंगे। खासतौर पर अप्रोच सड़कों का निर्माण होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मालपोष अप्रोच रोड के निर्माण की मांग तो ग्रामीण लंबे समय से उठा रहे थे।

दर्जनों गांवों को होगा फायदा

इस पूरी परियोजना का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण हिस्सा ग्रामीण संपर्क को मजबूत करना है। लोक निर्माण विभाग द्वारा बौंदकलां से मालपोष तक करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में यह मार्ग बेहद जर्जर अवस्था में है, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को ब्लाक मुख्यालय और जिला मुख्यालय आने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

नए सिरे से बनने वाली इस पक्की सड़क के कारण न केवल सफर का समय घटेगा, बल्कि वाहनों में होने वाली टूट-फूट से भी लोगों को निजात मिलेगी। इसके साथ ही, किसानों को अपनी फसल मंडियों तक ले जाने में काफी सुगमता होगी।

घिकाड़ा रोड के पुनर्निर्माण से मिलेगी बड़ी राहत

शहर के सबसे व्यस्त और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण घिकाड़ा रोड के 450 मीटर लंबे हिस्से का पुनर्निर्माण किया जाएगा। काफी समय से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों द्वारा इस सड़क की मरम्मत की मांग उठाई जा रही थी। जलभराव और भारी वाहनों के दबाव के कारण यह सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी थी, जिससे यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी।

विभाग ने जनभावनाओं और राहगीरों की समस्या को देखते हुए इसे विशेष प्राथमिकता दी है। इस टुकड़े के दोबारा बनने से बाजार आने वाले ग्राहकों और स्थानीय दुकानदारों को धूल-मिट्टी और गड्डों से हमेशा के लिए आजादी मिल जाएगी।

टेंडर प्रक्रिया शुरू, तय समय सीमा में पूरा होगा काम

लोक निर्माण विभाग के एसडीइ संदीप महला ने बताया कि इन चारों सड़कों के निर्माण के लिए प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित कर दिए गए हैं। विभाग की कोशिश है कि अलाटमेंट की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित तरीके से पूरा कर लिया जाए ताकि धरातल पर जल्द से जल्द काम शुरू कराया जा सके।