10 करोड़ के बजट से शहर में लगेंगी 25 हजार एलइडी लाइटें, जगमग होगा शहर
जागरण संवाददाता भिवानी आचार संहिता हटने की औपचारिकता के बाद शहर को जगमग करने की
जागरण संवाददाता, भिवानी: आचार संहिता हटने की औपचारिकता के बाद शहर को जगमग करने की तैयारी है। एक अनुमान के अनुसार 10 करोड़ रुपये के बजट में 25 हजार स्ट्रीट लाइटें नई लगाई जाएंगी। सबसे पहले रोहतक गेट से लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज तक सभी लाइटें बदली जाएंगी। फिलहाल रात होते ही शहर के सर्कुलर रोड पर अंधेरा छा जाता है। इसके अलावा घंटाघर से जैन चौक दादरी गेट तक भी यही हाल बना है। शहर के कई अन्य इलाकों में भी ऐसे हालात बने हैं। ऐसे में आपराधिक घटनाएं होने का डर बना रहता है।
शहरी सरकार से मिली जानकारी के अनुसार सर्कुलर रोड पर सभी पुरानी लाइटें बदली जाएंगी। उनकी जगह नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। आचार संहिता के हटते ही टेंडर लगा कर इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद यह मार्ग दूधिया रोशनी में नहा जाएगा। 250 और 400 वाट की जगह लगेंगी 150 से 90 वाट की एलईडी शहर के मुख्य मार्गों पर फिलहाल 250 और 400 वाट की लाइटें लगी हुई हैं। उनमें से कई खराब हो चुकी हैं। ऐसे में अब शहर की सभी पुरानी लाइटें बदलने की प्लान बनाई गई है। इनकी जगह पर 150 वाट और 90 वाट की एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे बिजली की बचत भी होगी। प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी भी कर ली है। मुख्य मार्गों पर लगेंगी 13 हजार एलईडी लाइटें नप से मिली जानकारी के अनुसार शहर के मुख्य मार्गों पर 12 से 13 हजार एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए अगले एक से डेढ़ माह में टेंडर लगा कर इसके लिए काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा शहर की कालोनियों आदि में सब मिला कर 25 हजार लाइटें लगाई जाएंगी। इन सबके लिए जरूरत के अनुसार केबल, पैनल, पोल आदि भी बदले जाएंगे। इन इलाकों में छा जाता है अंधेरा शहर वासी रामेश्वर, भगवानदास, पवन कुमार, राजेश, टीके मित्तल आदि ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें ज्यादातर इलाकों में खराब पड़ी हैं। ऐसे मे रात होते ही शहर में अंधेरा छा जाता है। शहरी सरकार और अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन समाधान के नाम पर अभी तक कुछ नहीं किया गया है। लाईटें लगने पर आपराधिक घटनाओं पर लगेगी लगाम शहर वासियों के अनुसार लाइटें लगने के बाद अंधेरे का फायदा उठा कर होने वाली आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगेगी। लोगों को रात के समय लाइट होने से आने जाने में भी सुविधा होगी। अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में होगा फैसला अधिकारियों के साथ जल्द ही बैठक होनी है। उसमें शहर की लाइटों को लेकर प्लान तैयार होना है। इसके लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अब आचार संहिता हटने की औपचारिकता पूरी होते ही अगला कदम उठाया जाएगा। रोहतक रोड जिस तरह से जगमग किया गया है उसी तरह पूरा शहर एलईडी लाइटों से जगमग किया जाएगा।
सुरेंद्र सांगवान, एमई
नगरपरिषद भिवानी।