विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के चरखी दादरी में 1.30 करोड़ रुपये से बनेंगी 15 नई गलियां, हजारों लोगों को मिलेगी सुविधा

Published: Thu, 15 Oct 2026 03:19 PM (GMT+05:30)

चरखी दादरी नगर परिषद ने शहर की 15 जर्जर गलियों के निर्माण की योजना बनाई है। इस परियोजना पर 1.30 ...और पढ़ें

हरियाणा के चरखी दादरी में होगा गलियों का निर्माण (फाइल फोटो)

हरियाणा के चरखी दादरी में होगा गलियों का निर्माण (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चरखी दादरी में 15 जर्जर गलियों का होगा निर्माण।

  2. परियोजना पर 1.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

  3. टेंडर प्रक्रिया दो सप्ताह में होगी शुरू, हजारों को लाभ।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जर्जर व कच्ची गलियों का दंश झेल रहे विभिन्न वार्डों के लोगों के लिए राहत की खबर है। नगर परिषद ने शहरवासियों का सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करने के लिए 15 गलियों के निर्माण की योजना तैयार कर ली है। एस्टीमेट तैयार हो चुके हैं और इन गलियों के निर्माण पर करीब 1.30 करोड़ रुपये लागत आएगी।

इन गलियों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी और फिलहाल डीएनआइटी तैयार की जा रही है। जर्जर और बदहाल हो चुकी इन गलियों के नए सिरे से बनने के बाद शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों को आवागमन में हो रही भारी असुविधा से निजात मिलेगी।

बता दें कि पिछले लंबे समय से शहर के कई वार्डों की आंतरिक गलियां पूरी तरह टूट चुकी हैं। कई जगहों पर गहरे गड्ढे होने और जलभराव की समस्या के कारण पैदल चलना भी दूभर हो गया है। स्थानीय निवासियों द्वारा लगातार नगर परिषद और प्रशासनिक अधिकारियों से इन गलियों को दुरुस्त करने की मांग की जा रही थी। जनभावनाओं और समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद के तकनीकी विंग ने मौका मुआयना कर जर्जर हो चुकी 15 सबसे महत्वपूर्ण गलियों को चिह्नित किया और उनका एस्टीमेट तैयार कर लिया है।

दो सप्ताह में शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि एस्टीमेट से जुड़ी सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। आगामी दो सप्ताह के अंदर सरकारी पोर्टल पर टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। टेंडर अलाट होने के तुरंत बाद संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि तय समय सीमा के भीतर काम को पूरा किया जा सके। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

गलियां बनने से 15 हजार की आबादी होगी लाभांवित

बता दें कि करीब 15 गलियों का निर्माण होना है और ये गलियां अलग-अलग वार्डों में बनाई जानी हैं। गलियों के निर्माण में औसतन तीन माह का समय लगेगा और एजेंसी के काम पूरा करने के बाद एक अनुमान मुताबिक करीब पंद्रह हजार लोगों को प्रतिदिन आवागमन में सुविधा होगा। जर्जर गलियों से छुटकारा मिलना इन लोगों के लिए बड़ी राहत की बात होगी।

लोग बोले: जल्द से जल्द शुरू हो निर्माण कार्य

शहर निवासी सुनील, सोनू, दीपेंद्र, कार्तिक, मनीष, मोहन, सुरेंद्र, मोनू, दीपक व नरेश इत्यादि का कहना है कि जो भी गलियां कच्ची या जर्जर हैं, उनका नगर परिषद को जल्द से जल्द निर्माण कराना चाहिए। कुछ गलियों के निर्माण की लोग पिछले लंबे समय से बाट जोह रहे हैं। नप अधिकारियों से अपील है कि निर्माण कार्य जल्द कराया जाए व निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का ख्याल रखा जाए।


करीब डेढ़ दर्जन गलियों का निर्माण कराया जाना है और इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर लिए गए है। अगले दो सप्ताह के अंदर टेंडर प्रक्रिया शुरू दी जाएगी। शहरवासियों की मांग अनुसार नगर परिषद की ओर से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।- बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, चरखी दादरी नगर परिषद