147 गर्भवती महिलाओं की जांच कर दिया परामर्श
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत दादरी जिले के सरक
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत दादरी जिले के सरकारी अस्पताल में शनिवार को गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच कर उपचार किया गया। इस दौरान महिलाओं के सभी प्रकार के टेस्ट, अल्ट्रासाउंड निशुल्क करवाए गए तथा दवाएं उपलब्ध करवाई गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हाई रिस्क वाली गर्भवती महिला की पहचान कर उनकी नार्मल डिलीवरी करवाना है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान सरकार द्वारा शुरू की गई नई पहल है। जिसके तहत प्रत्येक माह की निश्चित 9 तारीख को सभी गर्भवती महिलाओं को व्यापक और गुणवत्तायुक्त प्रसव पूर्व देखभाल प्रदान करना सुनिश्चित किया गया है। इस अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष जांच की जाती है। दादरी सिविल अस्पताल की एसएमओ व महिला रोग विशेषज्ञा डा. अनिता गुलिया ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण जांच कर हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान करना है। प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती की सभी प्रकार की जांच चाहे वह निजी लैबों में करवानी पड़े निशुल्क करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि शनिवार को 147 गर्भवती महिलाओं की जांच कर उपचार किया गया। इस दौरान 29 ऐसी महिलाएं चुनी गई जिनकी नार्मल डिलीवरी में दिक्कतें आ सकती है। उनका अलग से रिकार्ड बनाया गया है तथा समय-समय पर उन्हें संपूर्ण उपचार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 23 महिलाओं के अल्ट्रासाउंड करवाए गए। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को फल भी वितरित किए गए।