10 एमएम बरसात से बढ़ी मुश्किलें
जागरण संवाददाता चरखी दादरी बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के बाद दोपहर 3 ब
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के बाद दोपहर 3 बजे बाद हुई तेज वर्षा से दादरी जिले में सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ। वर्षा से दादरी शहर की कई कालोनियों व निचले स्थानों पर पानी भर गया वहीं जल भराव के कारण देर सांय तक बाजारों में कारोबार, रोजगार, कामधंधे ठप रहे। हालांकि मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने से मौसम में बदलाव आया था लेकिन बुधवार को तापमान ओर भी गिर गया। पिछले 24 घंटों के दौरान दादरी जिले में अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके विपरित मंगलवार को यह 27 व 19 तथा सोमवार को 39 व 26 रहा था। पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 15 व न्यूनतम तापमान में 9 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। इससे मौसम बदलने के साथ साथ बुधवार सांय तक ठंडी हवाएं चलती रही। मौसम का असर दादरी नगर के बाजारों, सार्वजनिक व व्यवसायिक स्थलों पर दिखाई दिया। अधिकतर बाजारों में मंगलवार की तरह ही नाममात्र के लोग दिखाई दिए। स्थिति यहां तक बनी रही कि सांय को 6 बजे के बाद कई बाजारों में दुकानें बंद होने लगी थी।
बाक्स :
जलभराव से बनी परेशानियां
बुधवार दोपहर बाद हुई वर्षा से दादरी नगर के निचले इलाकों विशेषकर स्थानीय चरखी गेट, मथुरी घाटी, बस स्टैंड के पीछे की कालोनियों, कालेज रोड, सैनीपुरा, गीता भवन के पीछे की कालोनियों, लाला लाजपतराय चौक, पुराना बस स्टैंड, पुरानी सब्जी मंडी के आसपास के क्षेत्र, काठमंडी, महाराजा अग्रसैन चौक, झज्जर घाटी इत्यादि स्थानों पर जलभराव से परेशानियां बनी रही। इससे आवागमन प्रभावित रहा तथा आम लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा।
बाक्स :
कई भागों में बिजली आपूर्ति ठप
दादरी नगर के कई भागों में वर्षा के दौरान व उसके बाद कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके चलते आम लोगों को रोजमर्रा से जुड़ी परेशानियों से जूझना पड़ा। इसके साथ ही बिजली से जुड़े कामधंधे भी प्रभावित हुए। वैसे तो बीती रात से ही नगर के कई भागों में बिजली संकट बना रहा लेकिन बुधवार को वर्षा होने व उसके बाद हालात और भी विकट बने रहे।
बाक्स :
किसानों की बढ़ी चिताएं
पिछले कुछ दिनों से दादरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गेहूं की फसल की कटाई का काम चल रहा है। किसानों की फसलें अभी खेतों में है। ऐसे में दो दिनों से वर्षा होने, आंधियां चलने से फसलों को लेकर किसानों की चिताएं बढ़ी हुई हैं। मंडी तक फसलों को लाना किसानों के लिए परेशानियों का कारण बना हुआ है। जिले के कुछ किसानों ने बुधवार की वर्षा से नुकसान होने की भी बात कही है।
बाक्स :
गर्मी से मिली राहत
पिछले दो तीन सप्ताहों से तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी से गर्मी बढ़ती जा रही थी। मंगलवार व बुधवार को हुई बूंदाबांदी, वर्षा के साथ तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। मोटे अनुमान के अनुसार दादरी जिले में बुधवार को औसत 10 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले 48 घंटों के दौरान हल्की वर्षा आने का सिलसिला जारी रह सकता है।