शहर में बढ़ रहा गोतस्करों का आतंक, पटेल नगर से बेसहारा गोवंश को उठाकर ले गए गोतस्कर, नागरिकों पर फेंके पत्थर
सड़क किनारे बने एक घर से लोग इन गायों को छोड़ने के लिए जोर-जोर से आवाजें लगाने लगे
सड़क किनारे बने एक घर से लोग इन गायों को छोड़ने के लिए जोर-जोर से आवाजें लगाने लगे फोटो-12 जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
शहर के पटेल नगर के 66 फुटा रोड पर वीरवार की रात गो तस्करों ने आतंक मचाया। इस रोड पर दो वाटिकाओं के बीच की सड़क पर रात करीब 12 बजे एक पिकअप गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी से दर्जन भर गोतस्कर नीचे उतरे। सड़क किनारे बैठी बेसहारा गायों के गले में रस्से बांधकर उन्हें पिकअप गाड़ी में डालने लगे। इस दौरान कुछ गाय इन गो तस्करों से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगी। इससे वहां काफी शोर शराबा होने लगा। इस दौरान वहां सड़क किनारे बने एक घर से लोग इन गायों को छोड़ने के लिए जोर-जोर से आवाजें लगाने लगे। इस पर गो तस्करों ने उन घरों पर कई पत्थर फेंककर मारे। जो घर या दुकान से निकलता गोतस्कर उस पर पत्थर फेंकने लगते। इन पत्थरों से एक दुकान का शीशा भी टूट गया। लोगों ने कहा कि गो तस्करों के पास हथियार भी थे। इसलिए कोई उनके पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। लोगों द्वारा शोर मचाने पर गोतस्कर कुछ गाय उठा ले गए। एक दो गाय को बंधी हुई छोड़कर भाग गए। इस घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी मोनू, अभिनव दलाल, अनुभव दलाल, सतीश ने बताया कि इस रोड पर अधिकतर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। इसके अलावा पुलिस गश्त भी कम होती है। इसका फायदा ये गोतस्कर उठाते हैं। गोरक्षक दीपक, बलविदर, राजेश बधवार ने बताया कि शहर में हर रोज गो तस्करी हो रही है। बिना नंबर की पिकअप गाड़ियां दिनभर शहर में घूमती रहती हैं। रात को इन बिना नंबर की गाड़ियों में गो तस्करी होती है। गोरक्षकों ने कहा कि रात होते ही गोतस्कर शहर में खुलेआम बेसहारा गोवंशों को उठाना शुरू कर देते हैं।