'अपनी बेटी से तलाक दिलाओ', ससुर की कनपटी पर पिस्तौल रख दी धमकी; फिर सड़क पर गिराकर पीटा
बहादुरगढ़ में एक व्यक्ति ने अपने दामाद और तीन अन्य पर रास्ता रोककर मारपीट करने और पिस्तौल से जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
दामाद ने ससुर को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
बहादुरगढ़ में रोहतक-दिल्ली रोड पर ससुर के साथ मारपीट हुई।
दामाद ने बेटी से तलाक के कागजों पर हस्ताक्षर करने को कहा।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। रोहतक-दिल्ली रोड पर एक व्यक्ति को रास्ता रोककर मारपीट करने और कनपटी पर पिस्तौल रखकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उसने दामाद और तीन अन्य साथियों के खिलाफ शिकायत दी है।
बहादुरगढ़ सेक्टर-6 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सांखौल का रहने वाला है और बिस्कुट कंपनी में काम करता है।
शिकायत में उसने बताया है कि मंगलवार दोपहर ड्यूटी से वापसी में रुपाली ढाणी के पास पहुंचा तो एक कार आकर उसके सामने रुकी। उसमें से चार युवक निकले। उनमें उसका दामाद भी था।
दामाद ने उसे थप्पड़ मारे और कनपटी पर पिस्तौल रखकर एक सप्ताह में मुझे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसके साथियों ने सड़क पर गिराकर मारपीट की।
दामाद ने धमकी दी कि अपनी बेटी से तलाक के कागजों पर साइन करा दे, वरना पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसे व परिवार को दामाद से खतरा है। इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
