शांति पूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा चाक चौबंद
शांति पूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा चाक चौबंद
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को शाम होते ही राजधानी और दूसरे क्षेत्रों से बहादुरगढ़ को जोड़ने वाले मार्गो पर नाकाबंदी कर दी गई। एक दर्जन से ज्यादा चेकपोस्ट स्थापित की गई हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए जाएंगे।
शुक्रवार की शाम को चुनाव प्रचार बंद हो गया था। शनिवार की सुबह अफसरों की निगरानी में चेकिंग अभियान भी चला। शाम तक सभी जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए। पुलिस ने बूथों पर तैनाती के अलावा सुरक्षा के लिए काफी पुलिस टीमें गठित की है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सुपरवाइजरों के साथ भी सुरक्षाकर्मी रहेंगे। राजधानी से जुड़ी सड़कों और दूसरे संपर्क मार्गो पर चेक पोस्ट बनी हुई हैं। शनिवार शाम से यहां पर पहरा और कड़ा कर दिया गया। तमाम सीमाओं पर नाकाबंदी रहेगी। ताकि परिदा भी किसी अप्रिय मकसद के साथ पर न मार सके। उधर खुफिया विभाग की टीमें भी शनिवार शाम से सक्रिय हो गई। स्थानीय डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि क्षेत्र के संवेदनशील गांवों और शहर के बूथों पर अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात किए जाएंगे। गश्त करने वाली टीमें निर्धारित क्षेत्रों में बूथों पर बारीक निगाहें रखेंगी। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में मतदान के दौरान पल-पल की रिपोर्ट हासिल की जाएगी। जिन क्षेत्रों में विगत चुनावों के दौरान अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं। वहां पर स्थिति नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के आसपास उन्हीं वाहनों को संचालन की अनुमति दी जाएगी जिसके लिए प्रशासन की ओर से लाइसेंस जारी किए गए हैं। सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे। जिले भर की पुलिस टीमों के कर्मी रविवार सुबह ही बूथों पर तैनात हो जाएंगे। मतदान संपन्न होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी।