मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने किया शहर में प्रदर्शन
सरकार पर प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के साथ विश्वासघात करने व वादा खिलाफी का आरोप लगाया
बहादुरगढ़(विज्ञप्ति): नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के पूरा न किए जाने व सरकार के खिलाफ वादा खिलाफी को लेकर रोष प्रदर्शन किया गया। बाद में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के नामित मांगों संबंधी ज्ञापन मुख्य सफाई निरीक्षक बलबीर सिंह को सौंपा। इससे पहले इंद्रा पार्क में इकट्ठा होकर कर्मचारियों ने इकाई प्रधान एवं राज्य सदस्य राजपाल की अध्यक्षता में बैठक की। मंच का संचालन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के ब्लाक प्रधान बिजेंद्र सैनी ने किया। हरियाणा एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला झज्जर वरिष्ठ उप प्रधान राजेंद्र तूषामड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राजेंद्र तूषामड़ व केंद्रीय कमेटी के नेता राजपाल ने हरियाणा सरकार पर प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के साथ विश्वासघात करने व वादा खिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के जीवन से खिलवाड़ कर रही है। सरकार ने एक तरफ तो प्रदेश के नगर निगमों में सीवरमैनों की नियमित नियुक्तियां बंद कर दी हैं। वही ठेकेदारी में सीवरमैन कर्मचारी लगाकर उनके जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों का भी ठेकेदार जमकर शोषण कर रहे हैं। राजेंद्र तूषामड़ ने कहा कि प्रदेश की सरकार की वादा खिलाफी, वार्ता हीनता से नाराज होकर संघ राज्यस्तरीय आंदोलन चलाने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि 17 अगस्त को प्रदेश के सभी 90 शहरों में भोजन अवकाश के समय हाथों में काले झंडे लेकर रोष प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बाद 27 अगस्त को 57 नगर पालिकाओं, 19 नगर परिषदों व 10 नगर निगमों के 40 हजार कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर एक दिन की हड़ताल करेंगे। इस मौके पर अमित कुमार, सुनील कुमार, लीलाराम, सुनीता देवी, सरोज देवी, संजय, दोचंद, विमला, सुनीता आदि मौजूद थे।