Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana News: इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी समेत दो लोगों की हत्या, कार सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

    Updated: Sun, 25 Feb 2024 11:26 PM (IST)

    हरियाणा के इनेलो (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी पर कार सवार बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। इस हमले में नफे सिंह राठी सहित उनके सुरक्षा कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जहां इलाज के दौरान इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और जयकिशन दलाल का निधन हो गया है। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image
    इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या (फाइल फोटो)।

    जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। हरियाणा में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी के काफिले पर कार सवार बदमाशों ने गोलीबारी कर दी, वो बराही गांव से बहादुरगढ़ आ रहे थे। इस घटना में प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और जय किशन दलाल का निधन हो गया है, जबकि दो लोग घायल हैं। बदमाश आई- 20 कार में सवार होकर आए थे। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के पूर्व हरियाणा अध्यक्ष एवं बहादुरगढ़ से दो बार विधायक रह चुके नफे सिंह राठी की रविवार शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में पार्टी कार्यकर्ता जयकिशन दलाल की भी मौत हो गई। राठी के निजी सुरक्षाकर्मी संजीत कबलाना और चालक संजय गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

    नफे सिंह राठी शोक जताने गए थे आसौदा गांव

    डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाए गए दो लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। शेष दो को कंधे और जांघों पर गोलियां लगी हैं। कार सवार हमलावरों ने झज्जर जिले में बहादुरगढ़ से करीब तीन किलोमीटर दूर सांखौल-बराही रेलवे क्रॉसिंग पर वारदात को अंजाम दिया। पूर्व विधायक राठी अपनी फॉरच्यूनर गाड़ी में आसौदा गांव में शोक जताने गए थे। वहां से बहादुरगढ़ लौटते वक्त सांखौल-बराही रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने से चालक ने गाड़ी रोक ली। तभी पीछे से कार में आए चार-पांच हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। राठी की मौके पर मौत हो गई।

    मौके से बरामद हुए 20 खोल

    गाड़ी में पिछली सीट पर बैठे पार्टी कार्यकर्ता जयकिशन दलाल ने भी दम तोड़ दिया। हमलावरों ने आसपास मौजूद लोगों पर भी फायर किए। फिर गाड़ी को मोड़कर बराही की तरफ भाग निकले। पुलिस की प्रारंभिक जांच में 25 से ज्यादा राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। मौके से 20 खोल बरामद हुए। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि राठी को धमकियां मिल रही थीं। इसके लिए उन्होंने सुरक्षा मांगी थी, लेकिन अभी नहीं मिली थी।

    झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा कि हमें फायरिंग की एक घटना की सूचना मिली थी। सीआईए और एसटीएफ की टीमें काम कर रही हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच लगातार जारी है।

    भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कानून व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

    हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष श्री नफे सिंह राठी जी की गोली मारकर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है।

    उन्होंने आगे लिखा कि दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।