विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

KMP और नेशनल हाईवे पर एक अप्रैल से सफर होगा महंगा, कैश भुगतान भी बंद; FASTag और UPI ही होंगे मान्य

Published: Tue, 17 Mar 2026 02:47 PM (IST)

एक अप्रैल से कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे और नेशनल हाइवे पर सफर महंगा हो जाएगा। टोल प्लाजा पर नकद भुगतान बंद होगा, केवल फास्टैग और यूपीआई मान्य होंगे।

केएमपी का मांडौठी टोल प्लाजा। जागरण आर्काइव

केएमपी का मांडौठी टोल प्लाजा। जागरण आर्काइव

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। इस साल 31 मार्च की आधी रात के बाद यानी एक अप्रैल से कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे और नेशनल हाईवे का सफर और महंगा हो जाएगा। इसके साथ ही नेशनल हाईवे के टोल पर कैश भुगतान बंद हो जाएगा। फास्टैग और यूपीआइ ही टोल के भुगतान के लिए मान्य होंगे।

इस बार केएमपी पर तीन से चार प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि नई दरों को हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना एवं विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) और नेशनल हाईवे प्राधिकरण द्वारा अभी अंतिम रूप तो नहीं दिया गया है, लेकिन केएमपी पर बढ़ोतरी का जो प्रस्ताव है, वह तीन से चार प्रतिशत तक का है।

अभी लेबर रेट पर हो रहा टोल का कलेक्शन

दरअसल, हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना एवं विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) द्वारा हर साल एक अप्रैल से नए सिरे से टोल टेंडर जारी किया जाता हैं। इसमें राशि भी बढ़ाई जाती और टोल की दरें भी महंगी की जाती हैं। मगर पिछले कुछ समय से तो टोल का कलेक्शन लेबर रेट पर ही कराया जा रहा है।

किसी एजेंसी को टेंडर नहीं दिया गया है। इस बीच टोल शुल्क में भी बढ़ोतरी की तैयारी है। इस बार आमजन के लिए यह आर्थिक बोझ हो सकता है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार तो एचएसआइआइडीसी की तरफ से ज्यादा बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अंतिम मुहर कितनी बढ़ोतरी पर लगेगी, यह अलग बात है।

रोजाना गुजरते हैं एक लाख से ज्यादा वाहन

इस मार्ग से रोजाना लगभग एक लाख वाहन गुजरते हैं। 2023 में जब टोल कलेक्शन के लिए टेंडर जारी हुआ था तो संबंधित कंपनी को रोजाना एक करोड़ 31 लाख 21 हजार रुपये निगम को टोल शुल्क के रूप में अदा करने का एग्रीमेंट हुआ था। उससे पहले यह टेंडर एक करोड़ 15 लाख 51 हजार रुपये में दिया गया था।

वर्ष 2022 में तो एक साल में यह दो बार रिवाइज हुआ। मार्च 2022 में निगम ने छह माह की अवधि के लिए पाथ इंडिया कंपनी को टेंडर दिया था। तब यह एक करोड़ सात लाख 77 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दिया गया था।

उससे पहले यह टेंडर 93 लाख रुपये का था। अक्टूबर 2022 में फिर से टोल कलेक्शन टेंडर जारी किया गया था। वर्ष 2024 में एक करोड़ 34 लाख 49 हजार रुपये हर रोज निगम को टोल शुल्क के रूप में अदा करना तय हुआ था।

नेशनल हाईवे पर भी महंगा होगा सफर

राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी सफर महंगा होगा। बहादुरगढ़ में फिलहाल दो नेशनल हाईवे पर टोल हैं। इनमें एक नेशनल हाईवे-नौ पर रोहद टोल है और दूसरा नेशनल हाईवे-334बी पर छारा के पास टोल है। इनके लिए नए रेट तय करने की प्रक्रिया चल रही है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कार, जीप, वैन व लाइट व्हीकल के लिए एकतरफा यात्रा पर पिछले साल पांच रुपये बढ़ाए थे।टोल शुल्क के साथ-साथ टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के एरिया में गैर व्यवसायिक वाहनों के लिए मासिक पास के रेट भी 10 रुपये बढ़ा दिए थे।

ये हैं रोहद टोल की मौजूदा दरें

वाहन एकतरफा शुल्क | रिटर्न ट्रिप | मासिक पास
वाहन प्रकार एकतरफा शुल्क रिटर्न ट्रिप मासिक पास
कार, जीप, वैन, एलएमवी 135 205 4515
एलसीवी, एनजीवी, मिनी बस 220 330 7295
बस व ट्रक (दो एक्सल) 460 690 15290
तीन एक्सल वाणिज्यिक वाहन 500 750 16680
एचसीएम, 4 से 6 एक्सल 720 1080 23975
बड़े वाहन व 7 से ज्यादा एक्सल 875 1315 29190

ये हैं छारा टोल की मौजूदा दरें

वाहन एकतरफा शुल्क | रिटर्न ट्रिप | मासिक पास
वाहन प्रकार एकतरफा शुल्क रिटर्न ट्रिप मासिक पास
कार, जीप, वैन, एलएमवी 75 110 2435
एलसीवी, एनजीवी, मिनी बस 120 175 3935
बस व ट्रक (दो एक्सल) 245 370 8245
तीन एक्सल वाणिज्यिक वाहन 270 405 8990
एचसीएम, 4 से 6 एक्सल 390 580 12925
बड़े वाहन व 7 से ज्यादा एक्सल 470 710 15735