KMP पर भीषण सड़क हादसा, गोगामेड़ी से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप में कैंटर ने मारी टक्कर, 2 की मौत, 15 घायल
केएमपी एक्सप्रेसवे पर मांडौठी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में गोगामेड़ी से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को कैंटर ने टक्कर मार दी।
-1788833859202_m.webp)
मांडौठी के पास तड़के 4 बजे हुआ हादसा।
HighLights
केएमपी पर गोगामेड़ी श्रद्धालुओं की पिकअप में कैंटर की टक्कर
हादसे में दो महिलाओं की मौत, 15 से अधिक घायल
तीन गंभीर घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: केएमपी एक्सप्रेसवे पर मांडौठी के पास मंगलवार की सुबह करीब चार बजे दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 2 की मौके पर ही मौत हो गई और करीब 15 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा तब हुआ जब श्रद्धालु राजस्थान स्थित गोगामेड़ी धाम से दर्शन कर उत्तर प्रदेश के चंदौसी लौट रहे थे।
श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी में पीछे से कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं।
राहगीरों ने तुरंत शुरू किया बचाव कार्य
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई तो राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई।
एसएमओ डा. विनय देशवाल खुद ट्रामा सेंटर पहुंचे और घायलों का हाल जाना। अन्य चिकित्सकों को भी तत्काल बुलाया गया, ताकि घायलों को समय पर उपचार मिल सके।
तीन की हालत बताई गंभीर
घायलों में प्रेम, हर ज्ञान, सत्यवती, मीना, ठाकुरदास, धीरेंद्र, राजकली, प्रीति, कांति, रीना, सोनिया, संजना, विशाखा और बबीता समेत अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को पीजीआएमएस, रोहतक रेफर किया है। मृतकों की पहचान सुमन और एक अन्य महिला के रूप में हुई है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया
दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाया गया।
वहीं टक्कर मारने वाला कैंटर चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। इधर, घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली जा रही है।
यह भी पढ़ें- बहुमंजिला भवन, लिफ्ट और बड़े कमरे... 50 साल से पुराने मकान होंगे ध्वस्त; हरियाणा में रेलवे बोर्ड की योजना तैयार
