विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: बहादुरगढ़ में पत्नी को वीडियो कॉल कर 3 बेटियों के पिता ने फंदा लगाकर दी जान, मानसिक रूप से था परेशान

Published: Thu, 17 Sep 2026 11:07 PM (IST)

बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में उत्तर प्रदेश के एक युवक ने पत्नी को वीडियो कॉल कर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

पत्नी को वीडियो कॉल कर तीन बेटियों के पिता ने लगाया फंदा। सांकेतिक तस्वीर

पत्नी को वीडियो कॉल कर तीन बेटियों के पिता ने लगाया फंदा। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. युवक ने पत्नी को वीडियो कॉल कर फंदा लगाया

  2. पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई

  3. मानसिक तनाव को आत्महत्या का प्राथमिक कारण बताया गया

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में किराये के मकान में अकेले रह रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक ने बुधवार आधी रात को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। खौफनाक बात यह रही कि युवक ने फंदा लगाने से ठीक पहले अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया था।

जब तक बदहवास पत्नी के फोन करने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक युवक दम तोड़ चुका था। प्राथमिक जांच में आत्महत्या का कारण मानसिक तनाव बताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के अंतर्गत आने वाले गांव लालपुर के चेतन सिंह (31) के रूप में हुई है। वह तीन बेटियों का पिता था। चेतन का परिवार और बच्चे गांव में ही रहते हैं, जबकि वह बहादुरगढ़ की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और यहां छोटूराम नगर में अकेला किराये पर रहता था।

बुधवार देर रात चेतन ने अपनी पत्नी को फोन किया और अचानक वीडियो कॉल चालू करके कमरे में फंदा लगाने लगा। उसकी पत्नी मोबाइल स्क्रीन पर यह खौफनाक मंजर देखकर सिहर उठी। वह रोते-बिलखते हुए उससे फंदा न लगाने की गुहार लगाती रही और खुद को संभालने की अपील करती रही।

जब चेतन का दिल नहीं पसीजा, तो बदहवास पत्नी ने डायल 112 पर सूचना दी। इस तरह से उप्र से बहादुरगढ़ पुलिस तक सूचना पहुंचने में वक्त लगा। इधर, सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस छोटूराम नगर स्थित उसके कमरे पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से कुंडी लगाकर बंद किया गया था। जब पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा तो अंदर चेतन का शव फंदे से लटक रहा था।

एफएसएल टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस के साथ-साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर पूरी जांच की। लाइनपार थाना के कार्यवाहक एसएचओ ओम सिंह ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।

दरवाजा तोड़कर देखा गया तो युवक की सांसें थम चुकी थीं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर भेज दिया गया। स्वजनों के पहुंचने के बाद उनके बयान के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।