एस्मा के विरोध में कर्मचारियों ने फूंकी आदेश की प्रतियां
जागरण संवाददाता, झज्जर : सरकार द्वारा स्वास्थ्य और रोडवेज की हड़ताल पर एस्मा लगाए जाने के
जागरण संवाददाता, झज्जर : सरकार द्वारा स्वास्थ्य और रोडवेज की हड़ताल पर एस्मा लगाए जाने के बाद भी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं है। इसी क्रम में हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन संबंधित इंटक के कर्मचारियों का कहना है कि वे 5 सितंबर को होने वाली राज्यव्यापी हड़ताल को लेकर अडिग है तो बहुउद्धेश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। एस्मा लगाए जाने से कर्मचारियों का गुस्सा भी सातवें आसमान पर है। जिसके चलते उन्होंने यहां सरकार पर तानाशाह रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
एस्मा लगाए जाने के विरोध में हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन संबंधित इंटक के कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर में सरकार के इस फैसले पर रोष जताते हुए एस्मा के आदेश की प्रतियां फूंकी और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इंटक यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष अनूप सहरावत ने कहा कि कर्मचारी सरकार के इस फैसले से डरने वाली नहीं है। बल्कि एस्मा लगाकर सरकार अपनी बौखलाहट दिखा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया तानाशाह है, अगर सरकार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करती है तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे और आंदोलन तेज किया जाएगा। जबकि यहां जरूरत तो यह थी कर्मचारियों की मांगों को माना जाए ना कि उन्हें दबाने के लिए इस प्रकार का रवैया अख्तियार किया जाए। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कमिर्यो की हड़ताल जारी
बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों पर एस्मा के आदेश का कोई असर दिखाई नहीं दिया। कर्मचारियों ने नागरिक अस्पताल परिसर में ही अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को जारी रखा और सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी भी की। दोपहर बाद कर्मचारी सड़कों पर उतर आएं और प्रदर्शन करते हुए छिक्कारा चौक पर पहुंचे। यहां कर्मचारी ने मानव श्रंखला बनाते हुए नारेबाजी की। बाद में रोष जताते हुए एस्मा के आदेश की प्रतियों को भी जलाया। कर्मचारी नेताओं का कहना था कि सरकार का रवैया तानाशाह है, सरकार एस्मा लगाकर कर्मचारियों को दबाना चाह रही है। लेकिन कर्मचारी जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल से नहीं उठेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री उनकी मांगों को मान लेने की बात कह रहे है, लेकिन नोटिफिकेशन जारी नहीं कर रहे हैं। जिसके चलते कर्मचारी हड़ताल पर है। उन्होंने कहा कि सरकार एस्मा लगाएं या फिर और कोई कदम उठाएं जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती हड़ताल जारी रहेगी। इनका कहना था कि वे स्वयं इस बात की मांग उठा रहे हैं कि नोटिफिकेशन जारी किया जाए।