भाजपा नेता पर बाइक सवारों ने किया हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े
भाजपा नेता पर बाइक सवारों ने किया हमला गाड़ी के शीशे तोड़े
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के नेता विनय पंडित पर वेदांत आश्रम के बाहर बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। इसमें वे जख्मी हो गए। ईंट मारकर उनकी सफारी गाड़ी के शीशे भी तोड़ डाले। हमला करने वाले कौन थे और इसके पीछे क्या कारण हैं, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
आसौदा गांव निवासी विनय पंडित काफी समय से भाजपा से जुड़े हैं। वे सोमवार की शाम को अपनी सफारी गाड़ी लेकर परनाला रोड पर स्थित वेदांत आश्रम में आए थे। वे अकेले थे। आश्रम का गेट बंद था। ऐसे में वे गेट खोलने के लिए नीचे उतरने लगे तो इसी बीच उन पर बाइक सवार तीन युवकों ने हमला कर दिया। वे सीट पर ही रहे और हमलावर उन पर मुक्के बरसाते रहे। बाद में उन्होंने किसी तरह खिड़की बंद की तो एक हमलावर ने ईंट उठाकर खिड़की का शीश तोड़ डाला। इसके बाद हमलावर भाग निकले। उधर, हमले में भाजपा नेता के मुंह व नाक से खून बहने लेगा। आश्रम के साधुओं ने उन्हें संभाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची और जांच शुरू की गई। बताया गया है कि भागते समय हमलावरों ने गली के नुक्कड़ पर एक-दो और लोगों से मारपीट की। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर आसपास के ही रहने वाले हैं। ऐसे में पुलिस की तरफ से उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्जन..
घटना को लेकर जांच की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को काबू कर लिया जाएगा।
--देवेंद्र कुमार, एसएचओ, लाइनपार थाना