बचाव में आए दोस्त की हत्या, बहादुरगढ़ में शराब पार्टी के दौरान खूनी वारदात; 4 आरोपी फरार
बहादुरगढ़ के भापड़ौदा गांव में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर हमला किया गया। बचाव में ...और पढ़ें

पुलिस जांच में जुटी।
HighLights
भापड़ौदा में शराब पार्टी के दौरान हुई खूनी वारदात।
दोस्त को बचाने आए ओमबीर की बेरहमी से हत्या।
चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। गांव भापड़ौदा में सोमवार रात शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी खूनी वारदात में बदल गई। छह लोगों में से चार ने मिलकर एक युवक पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। बचाव में उसका दोस्त आया तो उसकी हत्या कर दी गई। बाद में घायल को होश आया तो उसे दोस्त का लहूलुहान शव मिला और पार्टी में शामिल चारों लोग गायब थे।
चार लोगों पर नामजद केस दर्ज
उन चारों के खिलाफ आसौदा थाना में केस दर्ज किया गया। इधर, पुलिस की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। बाद में शव को झज्जर के अस्पताल में भेजा गया। बुधवार को चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम होगा।
दूध बिक्री काम करता था ओमबीर
मृतक की पहचान करीब 34 वर्षीय ओमबीर के रूप में हुई है। वह खेतीबाड़ी और दूध बिक्री काम करता था और दो बच्चों का पिता था। जबकि उसका दोस्त अमित गंभीर रूप से घायल है। उसे गिरावड़ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। अमित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
आरोपितों में गांव के ही विक्की उर्फ विक्रम टार्जन, विकास, सतीश व रविंद्र शामिल हैं। मांडौठी चौकी पुलिस को डायल-112 टीम से सूचना मिली थी कि गांव भापडौदा में एक युवक चोट लगने के कारण मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। मृतक ओमबीर के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की गई। घायल अमित को उसके स्वजन वर्ल्ड मेडिकल कालेज लेकर गए थे। उपचार के बाद चिकित्सक ने अमित को बयान देने के लिए फिट घोषित किया। इसके बाद उसने शिकायत दी।
क्या था मामला?
शिकायत के मुताबिक अमित सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे गांव के विजय के प्लाट में अपने दोस्त ओमबीर तथा चारों आरोपितों के साथ बैठा था। वहां पर वे शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। अमित का आरोप है कि विकास और सतीश ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद उसे कमरे में ले जाकर डंडों और फावड़े से चोटें मारी गईं। विकास ने उसके सिर पर फावड़े से वार किया, जबकि सतीश ने डंडे और ईंट से हमला किया। ओमबीर ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई।
आरोप है कि इसी दौरान फावड़े से अमित के सिर पर दोबारा वार किया गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसने ओमबीर को आंगन में मृत पाया। उसके सिर में चोट लगी थी। काफी खून निकला हुआ था। आसौदा थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
