मंडी में आज पहुंच जाएगा बारदाना, कल से होगी बाजरे की खरीद
बाजरे की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से होनी है। इसके लिए हैफेड की ओर से बुधवार को मंडी में बारदाना लाया जाएगा। अभी गांवों का शेड्यूल नहीं बना है।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : बाजरे की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से होनी है। इसके लिए हैफेड की ओर से बुधवार को मंडी में बारदाना लाया जाएगा। अभी गांवों का शेड्यूल नहीं बना है। मार्केट कमेटी का तर्क है कि यदि आवक बढ़ती है तो शेड्यूल बना दिया जाएगा। अन्यथा रोजाना जितने भी किसान आएंगे उनको फसल बिक्री के लिए गेट पास जारी कर दिए जाएंगे। उधर, आढ़ती इस खरीद को लेकर अभी असमंजस में हैं। उनका कमीशन तय नहीं हो सका है, मगर उन्होंने खरीद की तैयारी कर ली है। यहां पर करीब 10 आढ़ती बाजरे की खरीद करेंगे।
शहर की अनाज मंडी में पहली बार बाजरे की सरकारी खरीद होगी। यहां पर हैफेड की ओर से बाजरा खरीदा जाएगा। बाजरे की सरकारी खरीद यहां पर पहले कभी नहीं हुई। इस बार सरकार द्वारा यहां की मंडी में भी खरीद केंद्र बनाया गया है। इस बार बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2150 रुपये प्रति क्विंटल है। किसानों को भुगतान सीधे तौर पर किया जाएगा। अनाज मंडी के प्रधान प्रदीप गुप्ता ने बताया कि खरीद एजेंसी की ओर से बुधवार को बारदाना पहुंचने की बात कही है। अभी कमीशन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। मगर जो भी होगा वह सभी के लिए बराबर ही होगा। खरीद तो सभी को करनी ही है। मंडी में जो सुविधाएं किसानों को मिलनी चाहिए, वे मार्केट कमेटी द्वारा दी जाएंगी। जैसे ही किसान आएंगे तो गेट पास काट दिए जाएंगे।
उमेश दांगी, सचिव, मार्केट कमेटी।