भाजपा शासन में अंतिम पंक्ति तक पहुंचा योजनाओं का लाभ : विधायक
भाजपा शासन में अंतिम पंक्ति तक पहुंचा योजनाओं का लाभ विधायक
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठन के लिए समर्पण निधि एकत्र करने के आह्वान के साथ भाजपा की ओर से होली मिलन समारोह बुधवार को शहर के ग्लोबल मोंटेसरी स्कूल प्रांगण में मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा के रोहतक लोकसभा प्रभारी अरविद यादव, विधायक नरेश कौशिक, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में चारों मंडलों के पन्ना प्रमुख भी बनाए गए।
विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि भाजपा संगठन मजबूत जनाधार के साथ आगे बढ़ रहा है। हर कार्यकर्ता का इसमें अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में हर वर्ग को मान-सम्मान देते हुए जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाने का काम किया है। संगठनात्मक ढंग से भाजपा अब बार फिर मोदी सरकार बनाने जा रही है और नए भारत का निर्माण करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी सजगता के साथ जुटे हैं। केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। रोहतक लोकसभा प्रभारी अरविद यादव व भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल ने कार्यकर्ताओं से नई ऊर्जा व उत्साह के साथ पार्टी का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की जनसरोकार नीतियों का ही प्रभाव है कि देश का हर वर्ग खुशहाल है। इन पांच वर्षो में देश की पहचान पूरी दुनिया में कायम हुई है। उन्होंने चारों मंडलों के पन्ना प्रमुख को जिम्मेवारी का निर्वहन बेहतर ढंग से करने को प्रेरित किया। इस मौके पर भाजपा नेता रमेश बल्हारा, राजपाल शर्मा, महेश कुमार, दिनेश शेखावत, अशोक गुप्ता, अश्विनी शर्मा, युद्धवीर भारद्वाज, कृष्ण चंद्र सहित चारों विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारक व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।