विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2 वोट और उम्र में 4 साल का अंतर, बहादुरगढ़ नप चेयरपर्सन के दो जगह वोट पर इनेलो और भाजपा में जुबानी जंग

Published: Mon, 03 Aug 2026 02:27 PM (IST)

इनेलो नेता कपूर सिंह राठी ने बहादुरगढ़ नप चेयरपर्सन सरोज राठी पर चुनाव के दौरान दो जगह वोट और अलग-अलग ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. चेयरपर्सन सरोज राठी पर दो जगह वोट का आरोप।

  2. इनेलो नेता कपूर राठी ने चुनाव आयोग को गुमराह करने की बात कही।

  3. भाजपा ने आरोपों को कोर्ट की अवमानना बताया।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। इनेलो नेता एवं पैक्स डायरेक्टर कपूर सिंह राठी का आरोप है कि भाजपा की नप चेयरपर्सन सरोज राठी ने चुनाव लड़ते समय झूठा शपथ पत्र देकर लोगों व चुनाव आयोग को गुमराह किया था।

शपथ पत्र में उन्होंने अपना एक वोट बताया था, जबकि उस समय उनके दो जगह वोट रहे। दोनों में उम्र भी अलग अलग दर्शाई है। इधर, चेयरपर्सन सरोज राठी के पति रमेश राठी का कहना है कि वोट मामले में इनेलो द्वारा चुनाव के बाद ही कोर्ट में केस डाल दिया गया था। अब इनेलो के नेता बयानबाजी करके कोर्ट की अवमानना कर रहे हैं।

रविवार को प्रेस वार्ता में कपूर राठी ने कहा कि चेयरपर्सन सरोज राठी का नाम नगर परिषद चुनाव के समय दो जगहों पर दर्ज रहा। दोनों मतदाता पहचान पत्रों में उनकी उम्र में अंतर चार साल का दिखा रहा है। यही हाल विधानसभा की जून 2026 में प्रकाशित मतदाता सूची में भी देखने को मिला।

उक्त मतदाता सूची में बूथ नंबर 142 और 161 के अंतर्गत उनका नाम दर्ज है। यह अपने आप में गंभीर विषय है। एक मतदाता की दो उम्र कैसे हो सकती हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से इस तरह से वोट बनवाई गई थी।

उन्होंने कहा कि अब एसआईआर के तहत ड्राफ्ट सूची से 66 हजार 143 मतदाता बाहर हो गए हैं। यह न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एसआइआर की आड़ में बहादुरगढ़ के मूल निवासियों की वोट काट रही है। इस मौके पर जिला शहरी अध्यक्ष रामनिवास सैनी, पूर्व पार्षद शशि कुमार, अजय कादियान, मनोज दलाल, राजेश भारद्वाज, एडवोकेट सौरभ शर्मा, एडवोकेट विपिन, देवेंद्र राठी, सुरेंद्र शर्मा, देवराज मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Haryana SIR: बहादुरगढ़ में मतदाता सूची से कटेंगे 40 हजार से ज्यादा नाम, संदिग्ध श्रेणी में 26 प्रतिशत वोटर