विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहादुरगढ़ में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, ₹1.5 लाख की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथ गिरफ्तार

Published: Tue, 22 Sep 2026 10:42 AM (IST)

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक की टीम ने बहादुरगढ़ शहर थाने के एएसआई नवीन को 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. बहादुरगढ़ में एएसआई नवीन 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।

  2. रोहतक विजिलेंस टीम ने बहादुरगढ़ शहर थाने में की बड़ी कार्रवाई।

  3. प्रापर्टी डीलर मामले में नाम हटाने के लिए मांगी थी रिश्वत।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक की टीम ने सोमवार को बहादुरगढ़ शहर थाने में तैनात अनुसंधान अधिकारी (एएसआई) को 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आरोपित की पहचान 52 वर्षीय नवीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रोहतक जिले के मकड़ौली गांव का रहने वाला है। शिकायतकर्ता अनमोल निवासी आमिकोन-1, लोहिया एन्क्लेव, ग्रेटर नोएडा ने शिकायत दी थी कि वह प्रापर्टी डीलर का काम करता है।

उसकी सास सुनीता, पत्नी धनेंद्र चहल निवासी गोहाना के खिलाफ बहादुरगढ़ शहर थाने में मामला दर्ज था। बाद में जांच के दौरान शिकायतकर्ता की पत्नी अनु चहल, साली जन्नत और ससुर धनेंद्र को भी मामले में आरोपित बनाया गया।

तीन लाख की मांगी थी रिश्वत

इस मामले से शिकायतकर्ता की पत्नी, साली और ससुर का नाम हटाने की एवज में अनुसंधान अधिकारी नवीन ने तीन लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा 1.50 लाख रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी।

इस आधार पर ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद निरीक्षक देवेंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित अनुसंधान अधिकारी नवीन को 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी : निदेशक

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हरियाणा के निदेशक डॉ. एएस चावला ने कहा है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि ब्यूरो की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें।