शादी का झांसा देकर दिल्ली की युवती से रोहतक के युवक ने किया दुष्कर्म
रोहतक के एक युवक अंबाला में रह रही दिल्ली की एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता था। बाद में वह इससे मुकर गया। इसके बाद युवती ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
जेएनएन, अंबाला शहर। एक युवक शादी का झांसा देकर दिल्ली की एक युवती से दुष्कर्म करता था। यवुती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो वह शादी से मुकर गया। युवती अंबाला में नौकरी करती है और युवक रोहतक का रहनेवाला है। वह चंडीगढ़ में काम करता है। पुलिस ने रोहतक की डेयरी कालोनी निवासी मंजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि 2004 में कैंसर से उसकी मां का निधन हो गया था। इसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। इसके बाद उसने अंबाला के कॉलेज में पढ़ाई की और यहीं पर नौकरी करने लगी। उसका नौकरी के सिलसिले में चंडीगढ़ आना-जाना लगा रहता था। इसी बीच रोहतक निवासी मंजीत से उसकी मुलाकात हुई। मंजीत ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने बताया कि इसी बीच वह गर्भवती भी हो गई। उसने मंजीत को इस बारे में बताया तो उसने गर्भपात करवा दिया। इसके बाद भी वह जब शादी की बात करती तो मंजीत टाल देता। इस पर युवती ने मंजीत के परिजनों को जानकारी दी, लेकिन उन्होंने उल्टा उसी पर आरोप लगा दिए।
युवती ने बताया कि इसके बाद उसने मोहाली पुलिस में शिकायत दी। इसके बाद मंजीत ने माफी मांगते हुए समझौता कर लिया और जल्द शादी करने का भरोसा दिलाया। लेकिन, करीब छह माह बाद भी जब मंजीत ने उससे शादी नहीं की तो दिल्ली पुलिस को शिकायत दी। दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर केस महिला थाना अंबाला को रेफर कर दिया। महिला थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।