अंबाला में सैर पर निकले युवा वकील शुभम राणा की संदिग्ध मौत, हत्या का मामला दर्ज
अंबाला में युवा वकील शुभम राणा की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी हो रही है।
-1790369245639_m.webp)
युवा वकील शुभम राणा की संदिग्ध मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
युवा वकील शुभम राणा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोटें, हत्या की आशंका बढ़ी।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
जागरण संवाददाता, अंबाला। महेश नगर थाना क्षेत्र के युवा वकील शुभम राणा की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ सकता है। स्वजन इसे हत्या बता रहे हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी इसी ओर संकेत कर रही है। फिलहाल महेश नगर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू की है। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सुधीर सिंह निवासी सोनिया कालोनी ने बताया कि उनका बेटा शुभम राणा (26) पेशे से वकील था और वह फौजदारी के केस में प्रेक्टिस करता था। वह 17 सितंबर को सुबह करीब चार बजे रोजाना की तरह सैर पर निकला था।
करीब आधे घंटे के बाद ही नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट में कार्यरत उनके पड़ोसी ने फोन किया और बताया कि शुभम अस्पताल में है। वे मौके पर पहुंचे। यहां पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। यह भी बताया गया कि शुभम का शव अंबाला-जगाधरी रोड पर स्थित राम धर्मकांटा के पास पड़ा मिला था। वहीं से उसे लेकर नागरिक अस्पताल आए, जबकि यहां पर डाक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी
शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया है। इसमें सामने आया है कि कई गंभीर चोटें हैं। मौत का कारण सिर में लगी गंभीर चोट है। सिर और खोपड़ी गई जगहों से फ्रेक्चर हो चुकी थी। माना जा रहा है कि शुभम पर जानलेवा हमला किया गया हो सकता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट को ही आधार बनाकर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। दूसरी ओर स्वजन का भी कहना है कि जिस तरह के केसों में शुभम प्रेक्टिस करता था, उससे लग रहा है कि उसकी हत्या की गई है। मामले में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लिए हैं। वारदात के समय का डंप डाटा भी पुलिस ने उठाया है।
