महिला पीड़ितों को वन स्टॉप सेंटर में मिलेगा पांच दिन का आश्रय : डीसी
जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने बताया कि प्रत्येक जिले में वन स्टॉप सेंटर स्थापित किये जा रहे हैं। पीड़ित महिला या बालिका को उक्त वन स्टॉप सेंटर में 5 दिन के लिए अस्थाई आश्रय प्रदान किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : डीसी अशोक कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को गणेश विहार मकान नंबर 39 ए दुर्गानगर में अस्थाई तौर पर बनाए गए वन स्टॉप सेंटर का रिबन काटकर शुभारंभ किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की डीपीओ बलजीत कौर ने उनका स्वागत किया। डीसी ने उक्त विभाग द्वारा चलाई जा रही प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
डीसी ने कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार की हिसा, लैंगिक उत्पीड़न, घरेलू हिसा, खरीद फरोख्त, मान-सम्मान से संबंधित अपराध, तेजाब पीड़ितों को इस सेंटर के माध्यम से 5 दिन के लिए अस्थाई आश्रय मिलेगा। सरकार द्वारा जो सहायता पीड़ित महिलाओं के लिए शुरू की गई है, उसे हमें प्राथमिकता के आधार पर उन्हें प्रदान करनी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने बताया कि प्रत्येक जिले में वन स्टॉप सेंटर स्थापित किये जा रहे हैं। पीड़ित महिला या बालिका को उक्त वन स्टॉप सेंटर में 5 दिन के लिए अस्थाई आश्रय प्रदान किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में पीड़िता के यहां रखने की अवधि बढ़ाई जा सकती है।