Army recruitment: अंबाला में पहली बार महिला सिपाही की भर्ती, 1.60 KM की दौड़ साढ़े सात मिनट में पूरी
छावनी के खड्गा स्टेडियम में पहली बार सेना में महिला सिपाही (जीडी) की भर्ती हो रही है। रैली में 1074 बेटियों में से चार सौ उम्मीदवारों ने 1.60 किलोमीटर की दौड़ साढ़े सात मिनट में पू
जेएनएन, अंबाला। छावनी के खड्गा स्टेडियम में पहली बार सेना में महिला सिपाही (जीडी) की भर्ती हो रही है। सेना भर्ती के दौरान रविवार को 1074 बेटियों में से चार सौ उम्मीदवारों ने 1.60 किलोमीटर की दौड़ साढ़े सात मिनट में पूरी की। सुबह ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई थी, जबकि जो उम्मीदवार फिजिकल फिटनेस पास करती रहीं, उन्होंने आगामी औपचारिकताएं पूरी की।
गत दिवस हरियाणा के सात जिलों से महिला उम्मीदवारों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। आज भी हरियाणा की बेटियों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि इसके बाद अन्य राज्यों के उम्मीदवार भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि सेना में पहली बार महिला सिपाही (जीडी) की भर्ती हो रही है। इसके लिए शनिवार से भर्ती प्रक्रिया चल रही है। भर्ती में हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली व चंडीगढ़ से उम्मीदवार भी शामिल होंगी।
भर्ती में हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, हिसार, सिरसा, जींद, झज्जर, रोहतक जिलों से आई महिला उम्मीदवारों ने भाग लिया। फिजिकल फिटनेस टेस्ट पूरा करने के बाद इन उम्मीदवारों से अन्य औपचारिकताएं पूरी करवाई गई। थल सेना में महिला सिपाही (जीडी) भर्ती की युवतियों ने छावनी के नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाया। फिजिकल फिटनेस में दौड़, हाई जंप, इवेंट आदि क्लीयर करने व दस्तावेजों की जांच के बाद उनका मेडिकल हुआ।
नागरिक अस्पताल में नहीं थी महिला विशेषज्ञ डॉक्टर
सेना मैदान से उन्हें नागरिक अस्पताल में भेज दिया गया। शहर से अंजान युवतियां जैसे-तैसे नागरिक अस्पताल पहुंची। यहां आकर पता चला कि महिला विशेषज्ञ डॉक्टर ही नहीं थी। युवतियों ने अस्पताल प्रबंधन के संज्ञान में मामला डाला तो महिला विशेषज्ञ को बुलाया गया। तब कहीं जाकर उनका मेडिकल हुआ। इसके आधार पर उनका सेना में भी मेडिकल होगा। इसके बाद फिर लिखित परीक्षा होगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें